
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कई जिलों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। वहीं, 25 जून के बाद प्रदेश में प्री-मानसून (Pre Monsoon) गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि मानसून पहुंचने में अभी पांच से छह दिन का समय लग सकता है।
प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे बांदा में सोमवार को मौसम ने कुछ करवट ली। शाम के समय कई इलाकों में बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि बारिश इतनी नहीं हुई कि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। बारिश रुकते ही उमस और बढ़ गई। सोमवार को बांदा का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
UP Weather Today: भीषण लू से झुलस रहा यूपी, धूल भरी आंधी का अलर्ट, जानिये मानसून कब देगी दस्तक
इन दिनों सुबह से ही सूरज की तपिश लोगों को परेशान कर रही है। तेज धूप के चलते सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दे रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार कुछ जिलों में छिटपुट बारिश हुई है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बरकरार है। उन्होंने बताया कि लखनऊ समेत अवध क्षेत्र के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक हीटवेव (Heatwave) की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है। हालांकि 25 जून के बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई है। इससे कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार बन सकते हैं।
UP Weather Update: गर्मी से राहत या उमस की मार, मौसम विभाग ने यूपी के लिए क्या नया अनुमान दिया?
मौसम विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, चित्रकूट, बांदा, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर और उन्नाव समेत आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को लू चलने की संभावना जताई है।
ग्रामीण इलाकों में किसान खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे हुए हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। धान, उड़द और तिल की बुवाई के लिए किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से उम्मीदें तो बढ़ी हैं, लेकिन मानसून की झमाझम बारिश अभी भी दूर नजर आ रही है।
Location : Lucknow
Published : 23 June 2026, 8:12 AM IST