
यूपी में भारी बारिश का अलर्ट (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में उठे तूफानी सिस्टम और छत्तीसगढ़ व ओडिशा के ऊपर बने डीप डिप्रेशन के कारण राज्य भर में मूसलाधार बारिश का दौर चालू है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 और 26 सितंबर को तबाही और बढ़ सकती है। बादलों की कड़क के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भारी आशंका जताई गई है। भारी जलभराव से कई शहरों में सड़कें समंदर बन गई हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने यूपी के 8 प्रमुख जिलों श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, मुरादाबाद और गोंडा जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
बारिश के इस भयानक स्पेल के चलते लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती और प्रयागराज समेत कुल 32 जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ आने का गंभीर खतरा मंडराने लगा है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।
कुदरत के इस प्रचंड रूप और लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए राज्य प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। कानपुर, प्रयागराज, गोंडा, बिजनौर और सुल्तानपुर में 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
वहीं बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बहराइच, कन्नौज और इटावा समेत दर्जनों जिलों में कक्षा 8 तक के स्कूलों में आपातकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए लोगों से बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी बस्तियों तक में जलजमाव की विकराल समस्या पैदा हो गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत टीमें तैनात कर दी हैं। नदी तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 26 September 2026, 7:34 AM IST
Topics : UP Red Alert UP Rain UP Weather Weather Update