UP Power Crisis: रिकॉर्ड गर्मी के बीच 1912 हेल्पलाइन पर शिकायतें हुईं दोगुनी, रोजाना आ रहे 80 हजार मामले

यूपी में भीषण गर्मी के बीच बिजली मांग 31,804 मेगावॉट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। हेल्पलाइन 1912 पर शिकायतें दोगुनी होकर रोजाना 80 हजार तक पहुंच गईं। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि कुछ लोग बिजली व्यवस्था पर भ्रम फैला रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 May 2026, 10:33 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसके कारण राज्य में बिजली की मांग ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस अत्यधिक लोड और रिकॉर्ड मांग के बीच बिजली सप्लाई से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया है।

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) की मुख्य हेल्पलाइन नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों की संख्या अचानक लगभग दोगुनी हो गई है। बिजली वितरण प्रणाली पर बढ़ते दबाव के कारण उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

पहले 35 हजार, अब रोजाना आ रही हैं 80 हजार शिकायतें

पावर कॉरपोरेशन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में हेल्पलाइन 1912 पर रोजाना औसतन 30 से 35 हजार शिकायतें दर्ज होती थीं। लेकिन मई महीने की झुलसा देने वाली गर्मी और तकनीकी समस्याओं के चलते अब यह आंकड़ा बढ़कर 70 से 80 हजार शिकायतें प्रतिदिन तक पहुंच गया है।

अधिकारियों का कहना है कि कुल शिकायतों में से लगभग 80 प्रतिशत मामले सीधे तौर पर बिजली सप्लाई बाधित होने, स्थानीय फॉल्ट और ओवरलोडिंग से जुड़े हुए हैं, जिसने बिजली विभाग की चिंताओं को बढ़ा दिया है।

Gorakhpur Weather News: आंधी ने बरपाया कहर, कई पेड़ उखड़े, बिजली के पोल टूटे

शिकायत दर्ज कराने के लिए डिजिटल माध्यमों का बढ़ा क्रेज

इस बार उपभोक्ता अपनी समस्याओं को दर्ज कराने के लिए पारंपरिक कॉल सेंटर के बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म का तेजी से इस्तेमाल कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कुल 47.80 प्रतिशत शिकायतें डिजिटल माध्यमों से मिल रही हैं, जिनमें से 31.03 प्रतिशत शिकायतें मीटर और सप्लाई से जुड़ी हैं।

इसके अलावा, पावर कॉरपोरेशन के वॉट्सऐप चैटबॉट के जरिए 7.55 प्रतिशत, मोबाइल ऐप से 6.94 प्रतिशत और विभागीय वेबसाइट के माध्यम से 2.23 प्रतिशत शिकायतें दर्ज की जा रही हैं।

ऊर्जा मंत्री का दावा: कुछ लोग फैला रहे हैं भ्रम

इन बढ़ती शिकायतों और बिजली संकट के आरोपों के बीच उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों या निजी स्वार्थ के चलते प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज पूरे देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है। वर्तमान में ग्रामीण इलाकों में भी 20 से 22 घंटे तक निर्बाध बिजली दी जा रही है और शहरों में भी बेहतर सप्लाई सुनिश्चित की गई है।

बिजली कटौती और पेट्रोल-डीजल की कीमत को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, दी ये चेतावनी

31,804 मेगावॉट के साथ यूपी में बना मांग का नया रिकॉर्ड

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि रविवार की रात उत्तर प्रदेश के इतिहास में बिजली की मांग का एक नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया, जब राज्य में अधिकतम मांग 31,804 मेगावॉट तक पहुंच गई। विभाग ने इस भारी-भरकम मांग को सफलतापूर्वक पूरा करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

उन्होंने स्वीकार किया कि प्राकृतिक, तकनीकी या स्थानीय कारणों से कहीं-कहीं लाइन ट्रिप होने या ट्रांसफार्मर फुंकने जैसी समस्याएं आ रही हैं, लेकिन कर्मचारी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। मंत्री खुद 1912 हेल्पलाइन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो सके।

Location :  Lucknow

Published :  26 May 2026, 10:33 AM IST