महराजगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यूपी पुलिस एसआई भर्ती एग्जाम, 6202 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

महराजगंज में शनिवार को यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 12 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 6202 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि पूरी व्यवस्था की निगरानी पुलिस प्रशासन ने सख्ती से की।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 14 March 2026, 10:33 PM IST

Maharajganj: नकल माफियाओं और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं के बीच शनिवार को महराजगंज में यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा बेहद कड़ी सुरक्षा के साए में आयोजित की गई। जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की चौकस निगरानी रही और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। प्रशासन ने पहले से ही सख्त इंतजाम किए थे ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल या अवैध गतिविधि को रोका जा सके। पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकी।

12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा

शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) और समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा दो पालियों में कराई गई थी। प्रशासन की ओर से प्रत्येक पाली में 4560 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि सभी अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। पहली पाली में 3137 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि दूसरी पाली में 3065 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस तरह कुल 6202 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि कुछ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा खुद विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए थे कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए और परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता न किया जाए।

450 पुलिसकर्मी रहे तैनात

परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई थी। इसके लिए जिले में बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया था। मानक के अनुसार परीक्षा ड्यूटी में 1 पुलिस उपाधीक्षक, 32 निरीक्षक और थाना प्रभारी, 85 उपनिरीक्षक, 199 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 60 महिला आरक्षियों सहित कुल 377 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। इसके अलावा कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। अतिरिक्त ड्यूटी में 2 पुलिस उपाधीक्षक, 5 निरीक्षक, 18 उपनिरीक्षक, 31 पुलिसकर्मी और 17 ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए थे। इस तरह पूरे जिले में कुल 450 पुलिसकर्मी परीक्षा ड्यूटी में सक्रिय रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 14 March 2026, 10:33 PM IST