
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
महराजगंज: पैतृक जमीन बेचकर बैंक खाते में जमा किए गए 20 लाख रुपये कथित रूप से धोखाधड़ी कर निकालने और रकम मांगने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत दाखिल प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए थाना चौक पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। साथ ही मामले की विवेचना संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी से कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मंगलवार को पटियाली तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित मूजखेड़ा और नगला हंसी गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नाव में बैठकर जलस्तर और स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिकारियों को पेयजल, राशन, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य व पशु चिकित्सा टीमों को सतर्क रहने के कड़े निर्देश दिए।
अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कासगंज के सोरों स्थित लहरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कैंप, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, महिला चेंजिंग रूम और गोताखोरों की तैनाती का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया। मंडलायुक्त ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सुल्तानपुर में आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक नितिन कुम्भालकर, प्रदेश पर्यवेक्षक अनीश खान, विक्रम सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने 'संगठन सृजन अभियान' की रूपरेखा साझा की। अभियान के तहत 11 से 17 अगस्त तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों (इसौली, सुल्तानपुर, सदर, लम्भुआ और कादीपुर) में चरणबद्ध तरीके से बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर जमीनी सुझाव लेंगे।
बलिया के बांसडीह क्षेत्र में मिठाई बनाने के बहाने बुलाकर हलवाई मुन्ना प्रसाद माली पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने रास्ते के विवाद में अपने ही चाचा की हत्या की साजिश रचने वाली भतीजी मीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि मीना ने अपने रिश्तेदार और उसके दोस्तों के साथ मिलकर चाचा मुन्ना पर चाकू से हमला करवाया था और वह लगातार उनकी लोकेशन आरोपियों को दे रही थी। पुलिस ने साजिश में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद कर लिया है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
मिर्जापुर जिले के प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर स्थित अष्टभुजा टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेन सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी और पलट गई। इस भीषण हादसे में क्रेन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) विंध्याचल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
कानपुर के बिधनू स्थित गुरु का पुरवा गांव में दहेज उत्पीड़न और पति की प्रताड़ना से तंग आकर 29 वर्षीय सुमन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कदम उठाने से पहले उसने तीन पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें ससुराली जनों पर 10 लाख रुपये दहेज की मांग, लगातार मारपीट और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे और लौटने पर मां का शव फंदे से लटका मिला। पीड़िता के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने सुसाइड नोट और तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न व खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरिया जिले के आकांक्षी ब्लॉक गौरीबाजार में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग के कर्मियों का एकदिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बीडीओ स्वाति की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएचओ, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (HRP) की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप और ट्रिपल ए (AAA) मीटिंग्स के महत्व की जानकारी दी गई। यूपीटीएसयू के जिला प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह ने टीकाकरण, कुपोषण से बचाव, स्तनपान और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने पर बल दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत राज्य के 137 नगरीय निकायों में 73,184 नए मकानों के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। मुख्य सचिव एस. पी. गोयल की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिससे बीएलसी घटक के तहत स्वीकृत कुल आवासों की संख्या बढ़कर 4,88,526 हो जाएगी। इसके साथ ही, प्रदेश में दिव्यांग युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0' की अंतिम तिथि को जनहित में बढ़ाकर 13 अगस्त कर दिया गया है।
हाथरस जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का अच्छा अवसर सामने आया है। खाद्य प्रसंस्करण विभाग और राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र, आगरा की ओर से हाथरस में युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े व्यवसाय के लिए प्रशिक्षित करना और उन्हें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
मिर्जापुर के कछवा क्रिश्चियन अस्पताल प्रांगण में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 151 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की मौजूदगी में कछवा क्रिश्चियन अस्पताल, हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन समेत कई समाजसेवियों और अधिकारियों ने मरीजों को सहयोग प्रदान किया। मुख्य अतिथि मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने निक्षय मित्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रम में स्वयं 50 मरीजों को गोद लेने का आश्वासन दिया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. मिश्रा ने मरीजों से झोलाछाप डॉक्टरों से बचने और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क इलाज का लाभ उठाने की अपील की।
सुल्तानपुर स्थित गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की पांचों इकाइयों के तत्वावधान में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश पांडेय 'बजरंगी' के मार्गदर्शन और प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा के नेतृत्व में निकली यह रैली महिला परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों के 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के माहौल में रंग गया। प्राचार्य ने युवाओं से राष्ट्रीय एकता और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण सेवाओं, पुष्टाहार वितरण, वजन फीडिंग और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पुष्टाहार वितरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में कम प्रगति पर नाराजगी जताई, जबकि 37 अधूरे भवनों का निर्माण पूरा करने, 48 केंद्रों पर बर्तन उपलब्ध कराने तथा पानी-बिजली की समस्या दूर करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। 'संभव 6.0' अभियान में प्रदेश में 10वां स्थान मिलने पर उन्होंने शेष लक्ष्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
हाथरस के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्धार्थ नगर में पिछले पांच दिनों से जारी जलभराव की समस्या से गुस्साए दर्जनों स्थानीय निवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि आसपास के ऊंचे इलाकों का पानी सिद्धार्थ नगर में जमा हो रहा है और रेलवे लाइन के नीचे से निकासी बंद होने से स्थिति गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अतुल वत्स से मुलाकात कर इलाके का निरीक्षण करने और नाला निर्माण या सड़क ऊंची कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
सीतापुर और हरदोई की सीमा पर नैमिषारण्य क्षेत्र के हथियाघाट के पास नदी में हाथ-पैर बंधा हुआ एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद नैमिषारण्य (सीतापुर) और बेनीगंज (हरदोई) पुलिस के बीच लगभग चार घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। आखिरकार राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नक्शे से पैमाइश की और क्षेत्राधिकार तय किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शिनाख्त की कोशिशें शुरू कीं।
सीतापुर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय स्कूलों में पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना की अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने खाद्यान्न आपूर्ति, गैस सिलेंडरों की समस्या और महमूदाबाद के छंगापुर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पर दर्ज एफआईआर का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिक्षक संघ का कहना है कि व्यवस्था की कमियों का ठीकरा अकेले शिक्षकों पर न फोड़ा जाए, बल्कि ग्राम प्रधान और विद्यालय प्रबंधन समिति समेत सभी जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की जांच की जाए।
सीतापुर के बरगावां स्थित नौगवां गांव में रविवार रात पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से 37 वर्षीय सुशील की दर्दनाक मौत हो गई। बाजार से लौटने के बाद पंखा चलाते समय यह हादसा हुआ। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मृतक के सात छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा के सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के एक पीजी (PG) में 19 वर्षीय युवती महक अहमद की धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका मूल रूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी और हाल ही में अपनी सहेली के साथ नोएडा आई थी। वारदात के बाद उसी मंजिल पर रहने वाला संदिग्ध युवक रमन (बिहार निवासी) कमरा बंद कर फरार हो गया है। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सीतापुर और हरदोई की सीमा पर स्थित हथियाघाट के पास नदी में हाथ-पैर बंधा हुआ एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सिर पर चोट के गहरे निशानों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल को लेकर नैमिषारण्य (सीतापुर) और बेनीगंज (हरदोई) पुलिस के बीच करीब चार घंटे तक सीमा विवाद चला, जिसके बाद राजस्व टीम ने मौके पर पैमाइश कर क्षेत्राधिकार तय किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक की शिनाख्त और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीतापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने 80 प्रतिशत दिव्यांगता से प्रभावित राकेश कुमार (निवासी तम्बौर) को ट्राईसाइकिल प्रदान की। राकेश कुमार ने आवागमन की समस्या को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने उन्हें यह सहायता उपलब्ध कराई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग कल्याण की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ दिलाया जाए ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
मुजफ्फरनगर में सावन शिवरात्रि के अवसर पर 1857 के महान क्रांतिकारी अमर शहीद धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर एक विशेष कांवड़ यात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर अपनी पत्नी व अन्य शिवभक्तों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर स्थित प्रसिद्ध शिव चौक पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने मुजफ्फरनगर के किसी मुख्य चौराहे पर धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा लगाने की मांग करते हुए कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को देश के महान क्रांतिकारियों के साहस और बलिदान से प्रेरित करेगी।
देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गौरीबाजार थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी फरियादी अंकित उपाध्याय की शिकायत पर खुद मौके पर पहुंचकर जमीन का सीमांकन (पैमाइश) करवाया। फरियादी ने आईजीआरएस पर अपनी भूमिधरी जमीन का रकबा कम होने की शिकायत की थी, जिस पर डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य और राजस्व टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रकबा पूरा कराया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनशिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
देवरिया जिले की सदर कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास (धारा 109(1), 352 BNS) के मामले में वांछित चल रहे 19 वर्षीय अभियुक्त आदित्य शर्मा उर्फ कान्हा को बजाजी रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशों पर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत मुखबिर की सटीक सूचना पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में गांधी कॉलोनी स्थित रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक अज्ञात युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची नई मंडी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक के पास से कोई दस्तावेज न मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने के प्रयासों में जुटी है।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में पुलिस ने डाक कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। बाइक सवार डाक कांवड़ियों के साथ लाठी-डंडे और फरसे जैसे हथियारनुमा सामान लेकर चलने की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। शहर कोतवाल बिरजेश शर्मा और थाना कांवड़ प्रभारी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांवड़ मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सैकड़ों लाठी-डंडे और कई फरसे कब्जे में लिए गए। पुलिस ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है, ताकि शिवभक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद डाक कांवड़ियों के बीच भी सुरक्षा नियमों को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
हाथरस: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हाथरस में अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक सीताराम लांबा सोमवार को हाथरस पहुंचे और अलीगढ़ रोड स्थित गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बैठक की। इस दौरान जिलाध्यक्ष पद के कई दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए आवेदन पत्र जमा किए। लांबा इन आवेदनों को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखेंगे।
बिजली विभाग ने देहात और शहरी इलाकों में बड़े बकायादारों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर 40 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभाग ने मौके पर ही 3 लाख 32 हजार रुपये की बकाया राशि वसूल की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद बिल जमा न करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
मिर्जापुर शहर में गंगा तट के 200 मीटर के दायरे में बिना नक्शा पास कराए कराए जा रहे अवैध निर्माण पर मिर्जापुर-विंध्य विकास प्राधिकरण (MVDA) ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे कुल 8 मकानों को सील कर दिया है। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि पूरी कॉलोनी अवैध नहीं है, बल्कि केवल उन मकानों को सील किया गया है जिनके पास वैध नक्शा नहीं था और जो नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे थे।
मिर्जापुर जिले के जमालपुर विकास खंड में चौकियां ब्रांच माईनर समेत अन्य नहरों में मृत पशुओं के शव फेंके जाने से किसान और स्थानीय निवासी भारी परेशानी झेल रहे हैं। नहरों में शव सड़ने से पानी का बहाव थम गया है और दुर्गंध के साथ बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह और स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायतों में पशुओं के शव निस्तारण स्थल (हड्डवार) के लिए सुरक्षित जमीन चिह्नित कर वहां तक चार पहिया वाहनों के लिए पक्के मार्ग का निर्माण कराया जाए।
मिर्जापुर के गिरधर चौराहे पर सोमवार रात जल जीवन मिशन की पाइपलाइन फटने से सड़क की मोटी परत टूट गई और पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा चौराहा जलमग्न हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से नाराज स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
बुलंदशहर से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। खुर्जा थाना अरनिया क्षेत्र के हाईवे पर उमाशंकर शर्मा फार्म हाउस के पास एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही तीन महिलाओं को भीषण टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध शिवचौक शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पुजारी विकास भारद्वाज ने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवान परशुराम द्वारा सर्वप्रथम कांवड़ चढ़ाने की परंपरा शुरू की गई थी। मंदिर परिसर में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें कांवड़ियों व भक्तों के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं ताकि जलाभिषेक और दर्शन सुगमता से संपन्न हो सकें।
सीतापुर जिले के महोली स्थित दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की 19 बिस्वा जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद में जमकर बवाल और लगभग 25 राउंड फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता शोभना शुक्ला का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अपने ट्रेनी आईपीएस बेटे के प्रभाव का इस्तेमाल कर करीब तीन दर्जन लोगों के साथ लाठी-डंडे व असलहों से लैस होकर जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी (ट्रेनी आईपीएस के पिता) समेत 22 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और एसडीएम ने दस्तावेजों के साथ दोनों पक्षों की जांच शुरू कर दी है।
बलिया: दुबहर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गंगा घाट के किनारे भैंस चराने गए वृद्ध पशुपालक की छाड़न में स्नान करने के वक्त डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार दुबहर थाना क्षेत्र के बंधुचक गांव निवासी शिव शंकर यादव 62 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रामदेव यादव मंगलवार की सुबह 11 बजे भैंस चराने श्रीरामपुर गंगा घाट के किनारे गए हुए थे।जहां गंगा के छाड़न में स्नान करते वक्त गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया।
पीलीभीत के बीसलपुर में दहेज उत्पीड़न की शिकार पीड़ित महिला पुलिस की कथित निष्क्रियता से क्षुब्ध होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने टावर से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम नागेंद्र पांडेय और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दर्ज मुकदमे के बाद भी पुलिस ससुराल वालों पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही दहेज का सामान वापस दिला रही है।
बलिया दुबहर थाना क्षेत्र के बयासी स्थित जनेश्वर सेतु पर सोमवार की रात्रि प्रेमी युगल जोड़ी बाइक खड़ा कर गंगाजी में छलांग लगा दिया। मंगलवार की दोपहर लड़की का शव बयासी घाट के किनारे उतराया हुआ मिला। जबकि युवक का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। बयासी पुल पर बाइक व चप्पल दोनों के बरामद किया। समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं सकी थी। पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है।
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव स्थित गोरथाना के पोखरा गेट के सामने गड़वार - बलिया मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जा रहे छात्र को दो ई-रिक्शा चालकों ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में अस्पताल प्रशासन ने रखवा दिया। उधर ग्रामीणों ने दोनों ई -रिक्शा और चालकों को पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
सीतापुर की नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा अवस्थी ने श्यामनाथ मंदिर के पास बन रही सीसी रोड के निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से अपने देसी व सहज अंदाज में संवाद किया। नालियों में कूड़ा न फेंकने की अपील करते हुए उन्होंने ठेठ भाषा में कहा, “हम सड़क बनवा देबा, नाला बनवा देबा... लेकिन सुधरे के जिम्मेदारी हमका-सबका पड़ी।” अध्यक्ष के इस आत्मीय व्यवहार और मौके पर समस्याएं सुनकर निस्तारण के भरोसे से खुश होकर स्थानीय लोगों ने उनके कामकाज और व्यवहार की जमकर तारीफ की।
सीतापुर पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास (टाइप-1) में बंद कमरे से हेड कांस्टेबल अजय कुमार (45) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। तेज दुर्गंध आने पर पहुंची पुलिस टीम ने अंदर से बंद दरवाजा तोड़कर फर्श पर पड़ा शव बरामद किया, जो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मूल रूप से उन्नाव निवासी अजय कुमार का पिछले साल लखीमपुर खीरी तबादला हो चुका था, लेकिन वे आवास में ही रह रहे थे। कमरे से शराब के पाउच मिले हैं और मौत का सटीक कारण जानने के लिए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने डॉ. अविन शर्मा को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने सादाबाद में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन से पार्टी के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
कांवड़ यात्रा के समापन के साथ ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) को मंगलवार शाम छह बजे से वाहनों के आवागमन के लिए पुनः खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही गाजियाबाद व आसपास के क्षेत्रों में लागू प्रमुख रूट डायवर्जन भी रात तक समाप्त कर दिए जाएंगे। बुधवार सुबह से शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे पिछले कुछ दिनों से जाम की समस्या झेल रहे चालकों और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
हमीरपुर में वर्षों से सड़क निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने तिरंगा हाथ में लेकर 5 किलोमीटर पैदल मार्च किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक गांव तक पक्की सड़क नहीं बनी, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में नशे की हालत में कार चला रहे उसावा MOIC डॉ. राहुल सिद्धार्थ ने सड़क किनारे खड़ी गाय को टक्कर मार दी, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से उग्र हुए ग्रामीणों ने डॉक्टर को कार से निकालकर उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अलापुर पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए डॉक्टर को हिरासत में लिया और कार को कब्जे में लेकर मेडिकल जांच व आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पढ़ें पूरी खबर: तेज रफ्तार कार ने गाय को मारी टक्कर, मौत के बाद ग्रामीणों ने डॉक्टर को घेरा; जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर में आयोजित 'बदलता पूर्वी उत्तर प्रदेश' कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल के बदलते परिदृश्य और विकास गाथा को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा पर कोई लांछन नहीं लगाया जा सकता; कमी पहले के सिस्टम में थी। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्वांचल को 'माफिया और मच्छर' के दौर से निकालकर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज' की दिशा में आगे बढ़ाया है, जिससे यह क्षेत्र अब एक बड़े मेडिकल और इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभर रहा है।
देवरिया: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत देवरिया पहुंचे एआईसीसी ऑब्जर्वर भैया पवार ने तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सेवा दल का तिरंगा यात्रा निकालने का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौर से ही कांग्रेस तिरंगा यात्रा निकालती रही है। उन्होंने आरएसएस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग तिरंगे को लेकर कांग्रेस को ज्ञान दे रहे हैं, उन्हें अपने इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए।
इटावा के 85 वर्षीय सेवानिवृत्त दरोगा राम अवतार सिंह यादव ने इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति के लिए 46 सालों तक चली लंबी कानूनी लड़ाई अंततः जीत ली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने माना कि पुलिस विभाग उनके साथ अन्याय और भेदभाव कर रहा था तथा विभाग यह साबित करने में विफल रहा कि पदोन्नति रोकने का आधार बनी प्रतिकूल प्रविष्टियां उन्हें कभी बताई भी गई थीं। अदालत ने राज्य सरकार को आदेश दिया है कि उन्हें 16 मार्च 1980 से इंस्पेक्टर पद की पदोन्नति मानकर वेतन, एरियर और पेंशन संबंधी सभी लाभ 4 सप्ताह के भीतर प्रदान किए जाएं।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के कार्यकाल की समयावधि और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की कुलपति की पुनर्नियुक्ति को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्यपाल का कार्यकाल 5 वर्ष बीत जाने के बाद भी बने रहने पर संवैधानिक सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने KGMU में कुलपति की पुनर्नियुक्ति पर भ्रष्टाचार और आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा है।
सुल्तानपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में 28वीं अन्तर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर महिला/पुरुष एथलेटिक एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। एसपी पीटीएस ब्रजेश कुमार मिश्र और एसपी चारु निगम ने प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिसकर्मी अपनी शारीरिक दक्षता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सुल्तानपुर के अखंडनगर में संविदा बिजलीकर्मी जितेंद्र कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर मुख्य आरोपी के प्रति दिखाई जा रही कथित सहानुभूति पर स्थिति स्पष्ट की है। सीओ कादीपुर विनय कुमार गौतम के अनुसार, शटडाउन लेने के जिम्मेदार एसएसओ अजय कुमार तिवारी इस दर्ज मुकदमे में मुख्य अभियुक्त हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तीन कर्मचारियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज है और विवेचना के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई जारी है।
सुल्तानपुर के दूबेपुर विकासखंड स्थित पैगापुर पंचायत भवन में चोरों ने धावा बोलकर कंप्यूटर सिस्टम, सीसीटीवी और इन्वर्टर समेत लाखों का सामान पार कर दिया। 11 अगस्त की रात हुई इस वारदात से पंचायत भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम प्रधान की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच और सामान बरामदगी की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Lucknow
Published : 11 August 2026, 9:48 AM IST