UP Breaking News Live: सीएम योगी का दौरा रद्द, देवरिया के किसानों का मुद्दा समेत यूपी की सभी छोटी-बड़ी खबरें पढ़ें यहां

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 October 2026 , 1:10 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 01 Oct 2026 01:10 PM (IST)

      Mainpuri News: मैनपुरी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा मैनपुरी से किशनी-कुसमरा रवाना

      मैनपुरी सेवा संकल्प यात्रा के मैनपुरी पहुंचने के बाद बाइकर्स ने स्टेशन रोड स्थित राज मैरिज होम में रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह जलपान के बाद बाइक शोभायात्रा को मैनपुरी से किशनी और कुसमरा के लिए रवाना किया गया। यात्रा की प्रभारी रिंकू वाल्मीकि ने सभी बाइकर्स का स्वागत और सम्मान किया।

    • 01 Oct 2026 01:10 PM (IST)

      Sitapur News: ड्यूटी के लिए निकले होमगार्ड का शव सड़क किनारे मिला

      सीतापुर के तालगांव क्षेत्र में 112 ड्यूटी के लिए घर से निकले होमगार्ड राजेश कुमार का शव गुरुवार सुबह बांका नगर पुलिया के पास सड़क किनारे मिला। पास में उनकी मोटरसाइकिल भी पड़ी थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की वजह रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

    • 01 Oct 2026 12:49 PM (IST)

      Prayagraj News: सीएम योगी का प्रयागराज दौरा अचानक रद्द, तैयारियां धरी रह गईं

      प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुरुवार को प्रस्तावित दौरा अचानक रद्द हो गया। करीब तीन घंटे के कार्यक्रम में उन्हें मसूरियादीन की प्रतिमा का लोकार्पण, जनसभा और एनी बेसेंट सरस्वती विद्या मंदिर के शताब्दी समारोह में शामिल होना था। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, मंच और यातायात की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।

    • 01 Oct 2026 12:41 PM (IST)

      Fatehpur News: नाले में अतिक्रमण से जलमग्न हुई फसल, किसानों ने DM से लगाई गुहार

      फतेहपुर के हुसैनगंज क्षेत्र के ऊंचाबेरा, बेरागढ़िवा और खालीबेरा गांव में जलभराव से किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की। उनका कहना है कि पानी निकासी नहीं होने से गेहूं की फसल की बुवाई भी प्रभावित होगी।

    • 01 Oct 2026 12:40 PM (IST)

      Sultanpur News: शिक्षक दंपती की हत्या से शिक्षकों में शोक, आज तिकोनिया पार्क में श्रद्धांजलि सभा

      सुल्तानपुर। शिक्षक साथी स्व. मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की बर्बर हत्या से शिक्षक समाज में शोक व्याप्त है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से गुरुवार को शाम चार बजे तिकोनिया पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। जनपदीय मीडिया प्रभारी दिव्यांश विक्रम सिंह ने बताया कि संघ के अध्यक्ष एवं मंत्री आवश्यक कार्य से लखनऊ में हैं। उनके निर्देश पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीरेंद्र मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. रितेश सिंह, विनोद यादव, रामबहादुर मिश्रा तथा संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा होगी। संघ ने सभी शिक्षक साथियों से सभा में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

    • 01 Oct 2026 12:38 PM (IST)

      Mainpuri News: धार्मिक कार्यक्रम में अभद्रता का आरोप, झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की शिकायत

      मैनपुरी। कुरावली क्षेत्र निवासी सुमित श्रीवास्तव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के दौरान अभद्रता, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मारपीट के साथ झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत में यश प्रताप और उसके साथियों को नामजद किया गया है।

    • 01 Oct 2026 12:37 PM (IST)

      Mainpuri News: दबंगों पर नाबालिग से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

      मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

    • 01 Oct 2026 12:35 PM (IST)

      Deoria News: खेतों में डूबा अन्नदाता का सपना, मुआवजे की आस में टकटकी लगाए किसान

      देवरिया जनपद में कुछ दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश अब किसानों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। तेज बारिश, आंधी और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी धान, मक्का, गन्ना और सब्जियों की फसलें जलमग्न हैं। कई जगह फसलें पानी में सड़ने लगी हैं, तो कहीं किसान मजबूरी में अपनी खड़ी फसल को काटकर बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

    • 01 Oct 2026 12:34 PM (IST)

      Pratapgarh News: कंधई में आधी रात घर में घुसा विशालकाय अजगर, PRV 112 ने रेस्क्यू कर टाला बड़ा खतरा

      प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के बिबिया करन पुर गांव में बुधवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर अचानक एक भारी-भरकम विशालकाय अजगर (पायथन) निकल आया। आधी रात को घर में इस खतरनाक जीव को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी 112 की टीम ने सूझबूझ से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दिलाई।

    • 01 Oct 2026 12:33 PM (IST)

      Budaun News: बदायूं में युवती की मौत, सिपाही पर ब्लैकमेलिंग का आरोप

      बदायूं में एक युवती की मौत के मामले में परिजनों ने दूसरे धर्म के सिपाही पर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक युवती ने 27 सितंबर को तेजाब पी लिया था, जिसकी मुरादाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की है।

    • 01 Oct 2026 12:32 PM (IST)

      Pratapgarh News: पट्टी विधायक राम सिंह पटेल को सोशल मीडिया पर दी जान से मारने की धमकी

      प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने और अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में पट्टी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक रामसिंह पटेल को फेसबुक पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    • 01 Oct 2026 12:23 PM (IST)

      Budaun News: जरीफनगर में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में घुसकर मारपीट

      बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम उस्मानपुर में इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूम में घुसकर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित शोरूम संचालक ने थाना जरीफनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

    • 01 Oct 2026 12:22 PM (IST)

      Mirzapur News: ‘फाइलों के नीचे दबी जांच’ मनिगढ़ा में 300 पन्नों की शिकायत, दर्जनों RTI के बाद भी अभिलेख गायब

      मिर्जापुर। जिले के हलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत मनिगढ़ा में भ्रष्टाचार का मामला अब फाइलों में दम तोड़ता नजर आ रहा है। शिकायतकर्ता अब्दुल समद का दावा है कि उन्होंने 300 से अधिक पन्नों के दस्तावेजों के साथ DM, CDO और DPRO मिर्जापुर को लिखित शिकायत दी है, जिसमें विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं।

    • 01 Oct 2026 12:21 PM (IST)

      Budaun News: भाई की आत्महत्या के मामले में पीड़ित ने ADG से लगाई गुहार, विवेचक पर लगाए गंभीर आरोप।

      सहसवान थाना क्षेत्र के ग्राम अलेहदादपुर धोबई निवासी ओमेन्द्र पुत्र राजवीर सिंह ने अपने भाई ज्ञानचन्द्र (23 वर्ष) की आत्महत्या के मामले में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बरेली जोन को दो पृष्ठीय शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने अपने बयानों के समर्थन में एक वीडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई है, जिसमें वह अपनी आपबीती बता रहा है।

    • 01 Oct 2026 12:19 PM (IST)

      Budaun News: सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान में सेंधमारी, 50 हजार की नकदी और मोबाइल चोरी

      बदायूं। सब्जी मंडी सहसवान में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक दुकानदार की दुकान में सेंधमारी कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल चोरी कर लिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मोहम्मद हुसैन पुत्र रमजानी निवासी मोहल्ला पट्टी यकीन की सब्जी मंडी में दुकान है। बताया जा रहा है एक अक्तूबर की रात अज्ञात समय चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और वहां रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए।

    • 01 Oct 2026 12:18 PM (IST)

      Farrukhabad News: गंगा का जलस्तर तीसरी बार बढ़ने से बाढ़ की आशंका, राजेपुर क्षेत्र के कई गांवों पर मंडराया खतरा

      फर्रुखाबाद। गंगा नदी के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से जनपद में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगा का पानी तीसरी बार बढ़ने से राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुसने की आशंका जताई जा रही है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर नदी किनारे बसे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। निचले इलाकों में पानी पहुंचने की स्थिति में ग्रामीणों के आवागमन, फसलों और पशुओं के लिए परेशानी बढ़ सकती है।

    • 01 Oct 2026 12:17 PM (IST)

      Sitapur News: सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के पास बेकाबू बस ने मारी टक्कर, तीन घायल

      सीतापुर। सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार देर रात तकरीबन 12 बजे प्लेटफॉर्म पर खड़ी बस अचानक स्टार्ट हो गई। चालक के नियंत्रण से बाहर हुई बस सड़क किनारे लगे एंगल से जा टकराई। हादसे में बालिका समेत तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के पास प्लेटफॉर्म पर एक बस खड़ी थी। इसी दौरान बस अचानक स्टार्ट हो गई और आगे बढ़ने लगी। चालक जब तक उसे नियंत्रित कर पाता, बस सड़क किनारे लगे एंगल से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

    • 01 Oct 2026 12:07 PM (IST)

      Mirzapur News: ग्रामीणों ने खुद भरी सड़क की गड्ढे, समाजसेवी ने भी की मदद

      मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र के कदवां गांव में खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों ने खुद गड्ढे भरने का काम शुरू किया। जानकारी मिलने पर पूर्व अहरौरा नगर पालिका चेयरमैन व समाजसेवी गुलाब मौर्या ने भस्सी और गिट्टी गिरवाकर सड़क को गड्ढामुक्त कराया। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समाजसेवी का आभार जताया।

    • 01 Oct 2026 12:06 PM (IST)

      Sitapur News: इंजेक्शन लगने के बाद 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मेडिकल स्टोर पर हंगामा

      सीतापुर। पिसावां थाना क्षेत्र के कस्बा कुतुबनगर में बुधवार देर रात मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को मेडिकल स्टोर के बाहर रखकर हंगामा किया और संचालक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

    • 01 Oct 2026 12:05 PM (IST)

      Deoria News: देवरिया में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान, पार्कों से स्कूलों तक पुलिस की निगरानी

      देवरिया। आमजन की सुरक्षा और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिलेभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

    • 01 Oct 2026 12:05 PM (IST)

      Mirzapur News वाराणसी-मीरजापुर हाईवे पर भीषण हादसा, ठेकेदार की मौत

      मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह कपसौर पुल के पास एक्स-यूवी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार चालक ठेकेदार अखिल तिवारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी साहिल खान गंभीर घायल हुए। दो अन्य लोग बच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वाहन हटवाया।

    • 01 Oct 2026 12:04 PM (IST)

      Mirzapur News: लहुरियादह में उच्च प्राथमिक विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया तेज

      मिर्जापुर में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के वीडियो के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आया। लहुरियादह गांव में स्वीकृत उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए भूमि की नाप-जोख और चिन्हांकन पूरा किया गया। 25 लाख रुपये की लागत से विद्यालय बनेगा। निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है। बच्चों को कक्षा आठ तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

Location :  Lucknow

Published :  1 October 2026, 12:01 PM IST