UP Live Update: खाकी का खौफ! बुलंदशहर में मुठभेड़, रायबरेली में नाबालिग से दुष्कर्म; यूपी की सभी बड़ी खबरें पढ़ें एक नजर में

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 18 August 2026 , 10:54 AM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 18 Aug 2026 10:54 AM (IST)

      UP Live Update: वाराणसी में नमो घाट पर गार्ड की दबंगई

      वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर वाहन स्टैंड के गार्ड की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। देर रात घर जाने के लिए जब युवकों ने गेट खोलने की गुजारिश की, तो गार्ड ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी बेदर्दी से पिटाई कर दी। इस मारपीट में युवक घायल हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

       

    • 18 Aug 2026 10:51 AM (IST)

      UP Live Update: लखनऊ में LDA रिश्वत कांड में विजिलेंस जांच तेज

      लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में साढ़े सात लाख रुपये के रिश्वत कांड की जांच विजिलेंस टीम ने तेज कर दी है। इस मामले में प्रवर्तन विंग के कई अधिकारियों और इंजीनियरों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। जांच के सिलसिले में विजिलेंस टीम ने एलडीए पहुंचकर आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले हैं। कई अफसर अब सीधे रडार पर हैं।

    • 18 Aug 2026 10:49 AM (IST)

      UP Live Update: बरेली में बारिश में नाले में बहा अज्ञात युवक

      बरेली के आंवला थाना क्षेत्र अंतर्गत भमोरा-आंवला रोड पर बारिश के दौरान एक अज्ञात युवक अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरा और तेज बहाव में बह गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी।

    • 18 Aug 2026 10:47 AM (IST)

      UP Live Update: बदायूं में डीजे के गाने को लेकर ग्रामीणों और कांवड़ियों में मारपीट

      बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र स्थित बिरियाडांडी गांव में डीजे पर मनचाहा गाना बजाने को लेकर ग्रामीणों और कांवड़ियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पहले ग्रामीणों ने कांवड़ियों के साथ मारपीट की, जिसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने भी एक ग्रामीण की पिटाई कर दी। घटना के बाद कांवड़ियों ने मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

    • 18 Aug 2026 10:44 AM (IST)

      UP Live Update: कौशाम्बी में बारिश के चलते कच्चा मकान गिरा

      कौशाम्बी के महेवाघाट थाना क्षेत्र स्थित अलवारा गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में मकान के मलबे में दबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

    • 18 Aug 2026 10:40 AM (IST)

      UP Live Update: आजमगढ़ में फीस वृद्धि और शिक्षकों की कमी पर छात्रों का फूटा गुस्सा

      आजमगढ़ के स्मिथ इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन और प्रिंसिपल के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि उनसे मनमाने तरीके से फीस वसूली जा रही है और विरोध करने पर स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा, केमिस्ट्री के शिक्षक न होने से पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उचित कार्रवाई न होने से नाराज होकर छात्रों को गेट पर प्रदर्शन करना पड़ा।

    • 18 Aug 2026 08:30 AM (IST)

      UP Live News: रायबरेली में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

      रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपी मो0 असलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस सनसनीखेज मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की लगातार दबिश जारी है।

    • 18 Aug 2026 08:29 AM (IST)

      UP Live News: झांसी रेलवे स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से 50 लाख की चांदी बरामद

      वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की चेकिंग के दौरान छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में एक पिता-पुत्र संदिग्ध नजर आए। तलाशी लेने पर उनके पास से 20.05 किलोग्राम चांदी के आभूषण मिले, जिन्हें वे ग्वालियर ले जा रहे थे। इस चांदी की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है। जीआरपी ने आगे की कार्रवाई के लिए पूरा मामला जीएसटी विभाग को सौंप दिया है।

    • 18 Aug 2026 08:27 AM (IST)

      UP Live News: लखनऊ पुलिस आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

      लखनऊ के पुलिस आयुक्त ने डालीगंज स्थित पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव और विभिन्न पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण कार्यों की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त करते हुए कामकाज में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    • 18 Aug 2026 08:26 AM (IST)

      UP Live News: लखनऊ विश्वविद्यालय गेट नंबर-1 पर समाजवादी छात्र सभा का जोरदार प्रदर्शन

      राजधानी लखनऊ के लखनऊ विश्वविद्यालय गेट नंबर-1 पर समाजवादी छात्र सभा ने सरकार के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था को मुख्य मुद्दा बनाते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया और सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए।

    • 18 Aug 2026 08:24 AM (IST)

      UP Live News: गाजियाबाद में रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को रौंदा

      कविनगर क्षेत्र के सिग्नेचर स्ट्रीट पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी और रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार खुद भी असंतुलित होकर पलट गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत भारी मशक्कत के बाद पलटी हुई कार को सीधा कराया।

    • 18 Aug 2026 08:24 AM (IST)

      UP Live News: बागपत दोहरा हत्याकांड, आरोपी पर एनकाउंटर की मांग

      चांदीनगर क्षेत्र के लहचौड़ा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में आक्रोशित परिजनों ने मुख्य आरोपी साधु नरेश नाथ के एनकाउंटर की मांग की है। पुलिस ने फरार चल रहे इस साधु पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

    • 18 Aug 2026 08:22 AM (IST)

      UP Live News: बुलंदशहर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़

      बुलंदशहर के सिकन्द्राबाद-खुर्जा रोड स्थित पचौता गेट के पास चोला पुलिस और स्वाट टीम ने बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरिफ और राशिद नाम के दो शातिर गौ तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

Location :  Lucknow

Published :  18 August 2026, 8:18 AM IST