हिंदी
मृतक किसान के परिजन
Budaun: बदायूं के कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव बीघा नगला में नकली शराब पीने से 52 वर्षीय किसान सुरेश पाल सिंह की मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की है। परिजन गंभीर हालत में उन्हें बिसौली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक सुरेश पाल सिंह पुत्र मुंशी सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को गांव की एक दुकान से शराब पीकर लौटे। कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें बिसौली के निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने देर रात्रि जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा। सूचना पर पहुंची कोतवाली बिसौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव बीघा नगला और आसपास के कई गांवों में कई दुकानों पर खुले आम अवैध और नकली शराब बेची जा रही है। इसकी शिकायत आबकारी विभाग और पुलिस से कई बार की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुरेश की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बेटे हैं, तीनों की शादी हो चुकी है। घर का इकलौता कमाने वाला चला जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह उजड़ने से बच सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब की बिक्री में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Location : Budaun
Published : 31 May 2026, 3:07 PM IST
Topics : Budaun Farmer Death Spurious liquor UP News