हिंदी
यूपी एमएलसी चुनाव 2026 की मतगणना जारी (Img: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर मतगणना हो रही है। इन सीटों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि मतगणना के बाद किस प्रत्याशी के पक्ष में नतीजे आते हैं और यूपी की सियासत में इन परिणामों का क्या असर पड़ता है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी मंडल की सीटें हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा और मेरठ मंडल के अलावा बरेली-मुरादाबाद तथा गोरखपुर-फैजाबाद मंडल की सीटें शामिल हैं।
एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के मुख्य द्वार से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में भी ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे प्रांगण की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से ड्रोन कैमरों की लाइव फीड के जरिए हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मेरठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम पूरा हो गया है। अब वोटों की गिनती शुरू हो रही है। जैसे-जैसे टेबलों पर मतगणना पूरी होगी, वैसे-वैसे चुनाव के रुझान सामने आने लगेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। ऐसे में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें मतगणना केंद्र पर टिकी हैं।

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को मजबूत दावेदार माना जा रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि, जीत-हार को लेकर तस्वीर आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद ही साफ होगी।
उत्तर प्रदेश की गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान हंगामा मच गया। दरअसल, देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र की एक बैलट बॉक्स की सील टूटी हुई मिली। मामला जैसे ही सामने आया, मतगणना केंद्र पर हलचल मच गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया है।
मामले में प्रत्याशी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम से निकला एक बॉक्स सील नहीं था और उसे बॉक्स को किनारे रख दिया गया. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह एक मानवीय भूल हो सकती है।
Location : Lucknow
Published : 27 October 2026, 1:04 PM IST
Topics : Political News UP MLC Election 2026 UP MLC election results 2026 UP MLC Latest News UP MLC Winners List