UP में बेखौफ अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद अवैध हथियारों समेत दो सप्लायर गिरफ्तार

UP के इस इलाके में पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घेराबंदी देखकर अपराधियों ने सीधे गोलियां बरसाईं, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस सनसनीखेज मुठभेड़ में एक को गोली लगी है।

Updated : 1 July 2026, 2:16 PM IST
google-preferred

Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ऑनलाइन टैक्सी बुक कर चालक पर जानलेवा हमला करने और अर्टिगा कार लूटने वाले शातिर बदमाशों के साथ मांट थाना पुलिस की तीखी मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इनके कब्जे से लूटी गई अर्टिगा कार और भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद हुआ है।

वृंदावन जाने के बहाने बुक की थी ऑनलाइन टैक्सी

घटना का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि, शातिर बदमाशों ने हरियाणा के होडल स्थित हसनपुर चौराहे से वृंदावन जाने के लिए एक ऑनलाइन अर्टिगा कार बुक की थी। कार को बिहार का रहने वाला चालक पवन कुमार सिंह चला रहा था। जैसे ही कार थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत देवराहा बाबा आश्रम के पास पहुंची, कार में सवार तीनों युवकों ने अपने खौफनाक इरादों को अंजाम देना शुरू कर दिया। बदमाशों ने चालक पवन के सिर पर प्लास (pliers) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और गाड़ी से नीचे फेंककर अर्टिगा कार लेकर रफूचक्कर हो गए थे।

Mathura News: नशे में हैवान बना पति! रात में पत्नी के गले पर किए ताबड़तोड़ वार, सुबह खून से लथपथ मिली लाश

मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से एक बेहद सटीक सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश गोरई (अलीगढ़) की तरफ से राधारानी मंदिर अंडरपास होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड से कूपगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मांट पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर राधारानी अंडरपास से करीब 200 मीटर आगे कूपगढ़ जाने वाले मार्ग पर तगड़ी घेराबंदी कर दी।

बदमाशों ने की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक घायल

पुलिस टीम को सामने देखकर बदमाशों ने खुद को पूरी तरह घिरा हुआ पाया। पुलिस के चंगुल से भागने के लिए बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी बेहद सूझबूझ दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से चली गोली सीधे करन पुत्र दीपक (निवासी हरनौल, थाना सुरीर, हाल निवासी पानीघाट, वृंदावन) के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत मौके से घायल करन और उसके साथी अवनेश पुत्र बबलू (निवासी नगला मुरारी उर्फ बावन, थाना बन्ना देवी, जनपद अलीगढ़) को दबोच लिया।

Mathura News: USA से आए भक्त ने ठाकुर बांकेबिहारी को चढ़ाई 150 डॉलर की माला, जानिए क्यों

भारी मात्रा में कारतूस और अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के कब्जे से वारदात में लूटी गई अर्टिगा कार को पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया है। इसके अलावा तलाशी के दौरान इनके पास से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए बदमाश करन को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मांट में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब इन दोनों शातिर अपराधियों के पुराने आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) को खंगालने में जुटी है ताकि इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

Location :  Mathura

Published :  1 July 2026, 2:16 PM IST

Advertisement