घर में संदिग्ध हालात में मिली 15 वर्षीय छात्रा की लाश, जाँच में जुटी पुलिस

महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 June 2026, 7:59 PM IST

Maharajganj: भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा गांव के करमहिया टोला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका की पहचान आंचल चौधरी पुत्री चंद्रशेखर चौधरी के रूप में हुई है। वह कक्षा नौ की छात्रा थी।

मिली जानकारी के अनुसार, आंचल के पिता चंद्रशेखर चौधरी, माता अमरावती देवी और छोटा भाई चंदन धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। घर पर केवल आंचल मौजूद थी और वह खाना बना रही थी। चंद्रशेखर चौधरी घर के पास ही एक गुमटी में दुकान भी चलाते हैं।

चारपाई पर पड़ा मिला शव

सुबह करीब सात बजे पड़ोस की एक बच्ची दुकान से सामान खरीदने के लिए आंचल के घर पहुंची। उसने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत के रास्ते घर के अंदर पहुंची। वहां चारपाई पर आंचल का शव पड़ा मिला। यह देखकर बच्ची ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

परिवार में मचा कोहराम

सूचना मिलने पर खेत में काम कर रहे परिजन भी घर पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह तथा चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

संदिग्ध मामले की जांच में जुटी पुलिस

चश्मदीदों के अनुसार किशोरी के गले पर तार से कसाव जैसा निशान दिखाई दे रहा था, जिससे मामला संदिग्ध बन गया है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  14 June 2026, 7:59 PM IST