अब सिर्फ पारंपरिक नौकरियां नहीं, बदलेगा युवाओं का कल: UP ट्रेड शो में दिखा रोजगार का नया अवतार, 160 संस्थानों ने दिखाया रास्ता

ट्रेड शो में सिर्फ कारोबार और निवेश की चर्चा नहीं हुई, बल्कि युवाओं को बैंकिंग, इंश्योरेंस, मेडिकल, फार्मा और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म जैसे कई करियर विकल्पों की जानकारी भी मिली।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 29 September 2026, 8:31 PM IST

Greater Noida: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का मंगलवार को समापन हो गया। कारोबार, निवेश और उद्योग से जुड़े अवसरों के साथ इस आयोजन में युवाओं को करियर के कई नए विकल्पों की जानकारी भी मिली। पांच दिन चले ट्रेड शो में युवाओं ने विश्वविद्यालयों, बैंकों और कंपनियों के पवेलियन का दौरा कर शिक्षा, इंटर्नशिप, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार की संभावनाओं को समझा।

160 से अधिक संस्थानों ने लिया हिस्सा

ट्रेड शो में 160 से अधिक निजी और सरकारी विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों तथा इंश्योरेंस कंपनियों ने भागीदारी की। पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक समेत विभिन्न बैंकों ने बैंकिंग सेवाओं के साथ इस क्षेत्र में करियर के लिए जरूरी कौशल और अवसरों की जानकारी युवाओं को दी। वहीं, इंश्योरेंस कंपनियों ने भी रोजगार के बदलते विकल्पों से परिचित कराया।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले CM योगी का खुला पत्र, युवाओं से की विकसित यूपी में भागीदारी की अपील

स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दिखी युवाओं की दिलचस्पी

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ का पवेलियन भी युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहा। नई दिल्ली से आई उत्तरा सक्सेना ने बताया कि वह स्पोर्ट्स जर्नलिज्म को करियर विकल्प के तौर पर देख रही हैं। ट्रेड शो में उन्हें जानकारी मिली कि मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में इस क्षेत्र से जुड़ा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध है।

मेडिकल और फार्मा में करियर के नए रास्ते

राजश्री मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, बरेली, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ समेत कई संस्थानों ने अपने पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में इंटर्नशिप और रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी बताया गया। फार्मा कंपनियों ने दवा उद्योग में जरूरी स्किल्स, रिसर्च, उत्पादन और अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी साझा की।

युवाओं के लिए करियर एक्सप्लोरेशन का मंच

ट्रेड शो में शिक्षण संस्थानों और कंपनियों की मौजूदगी ने युवाओं को यह समझने का अवसर दिया कि पढ़ाई के बाद करियर के विकल्प केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। आयोजन का यह पक्ष उत्तर प्रदेश में शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग और रोजगार के बीच बेहतर जुड़ाव की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से भी जुड़ा नजर आया।

ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से बड़ा ऐलान, अवैध बसों पर चलेगा ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान

जानकारी के साथ नए विकल्प लेकर लौटे युवा

समापन के दिन ट्रेड शो से लौटते युवाओं के पास कंपनियों और शिक्षण संस्थानों से जुड़ी जानकारी के साथ भविष्य के लिए कई नए विकल्प भी थे। इस तरह उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो कारोबार और निवेश के साथ युवाओं के लिए करियर, शिक्षा और कौशल विकास की जानकारी का एक महत्वपूर्ण मंच भी बना।

Location :  Greater Noida

Published :  29 September 2026, 8:31 PM IST