UP Rain Alert: यूपी में इंद्र देवता का कहर! दर्जनों मौतों से मातम, करोड़ों की फसल बर्बाद

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। 48 घंटे में दर्जनों लोगों की मौत हो हई और 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दूसरी तरफ यह बारिश किसानों के लिए भी काल साबित हो रही हैंं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 September 2026, 10:20 AM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में हालात गंभीर कर दिए हैं। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, मकान गिरने और पेड़ टूटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। 48 घंटे में दर्जनों लोगों की मौत हो हई और 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दूसरी तरफ यह बारिश किसानों के लिए भी काल साबित हो रही हैंं।

मौसम की मार का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरों में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

लखनऊ में जलभराव, SDRF ने संभाला मोर्चा

राजधानी लखनऊ में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अर्जुनगंज स्थित ओमेक्स कॉलोनी के पास करीब 50 मकानों में पानी घुसने की सूचना है।

स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमों ने मोर्चा संभाला और नावों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना ज्यादा बारिश

प्रदेश में बारिश का असर कई जिलों में असामान्य रूप से देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों में फर्रुखाबाद में सामान्य से करीब 200 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं कानपुर नगर में सामान्य से 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात व हरदोई में करीब 130 गुना ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

भदोही, देवरिया और अलीगढ़ में बारिश सामान्य स्तर पर रही।

गोरखपुर में बारिश से 5 लोगों की मौत

गोरखपुर में बारिश के कारण हुए अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं फतेहपुर में मकान गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की जान चली गई। बांदा में भी मकान ढहने से 70 वर्षीय महिला की मौत हुई है।

गोंडा में बाइक सवार दो युवकों के ऊपर विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

नेपाल की बारिश से पूर्वांचल में बढ़ा खतरा

नेपाल में हो रही भारी बारिश को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को अलर्ट किया गया है। नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और बाढ़ राहत टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अतिवृष्टि प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में मौसम सामान्य होने में अभी 24 घंटे से अधिक का समय लग सकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोग राहत हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।

48 घंटों में बारिश का रिकॉर्ड

  • हमीरपुर- 457 मिमी, कानपुर- 294 मिमी, हरदोई- 250 मिमी, बांदा- 228 मिमी, कन्नौज- 220 मिमी, फर्रुखाबाद- 196 मिमी, चित्रकूट- 160 मिमी, महोबा- 155 मिमी, औरैया- 126 मिमी, जालौन- 110 मिमी, उन्नाव- 166 मिमी. फतेहपुर- 97 मिमी, इटावा- 86 मिमी, कानपुर देहात- 69 मिमी

Location :  Lucknow

Published :  27 September 2026, 9:59 AM IST