
नोएडा के विधायक पंकज सिंह (Image: X)
Noida News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ने गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में हलचल मचा दी है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों से 3,60,595 मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण गड़बड़ा गए हैं। अब तक जिस मतदाता संख्या, बूथवार ताकत और जीत-हार के अंतर को आधार बनाकर पार्टियां अपनी रणनीति तैयार कर रही थी, उस पर नए सिरे से काम करना पड़ेगा।
सबसे ज्यादा असर नोएडा विधानसभा सीट पर दिखाई दे रहा है। बड़ी बात यह है कि यहां से देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह विधायक हैं। बताया जाता है कि नोएडा में सबसे ज्यादा भाजपा वोटर है। उसके बावजूद अकेले नोएडा से 1,83,887 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। वहीं, दादरी में 1,21,628 और जेवर में 55,080 नाम कटे हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटने के बाद बीजेपी समेत सभी राजनीतिक दलों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हटाए गए मतदाताओं में किस राजनीतिक दल के समर्थक ज्यादा थे और आगे कितने नाम दोबारा जुड़ते हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण के आंकड़ों के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर की तीन विधानसभा सीटों पर कुल 3,60,595 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से देखें तो नोएडा में सबसे ज्यादा 1,83,887 नाम हटे हैं। इसके बाद दादरी में 1,21,628 और जेवर में 55,080 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं।
गौतमबुद्ध नगर द्वार (Image: Pinterest)
इन आंकड़ों ने राजनीतिक दलों को अपने पुराने चुनावी आकलन पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है। खासकर उन बूथों पर रणनीति बदलने की जरूरत पड़ सकती है, जहां मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर आया है। अप्रैल 2026 की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिले में कुल 18,65,673 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद एसआईआर की शुरुआती प्रक्रिया में 4,48,015 मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत श्रेणी में रखा गया था।
इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान 86,880 नाम दोबारा जोड़े गए। इस प्रक्रिया के बाद हटाए गए मतदाताओं की संख्या 3,60,595 रह गई। इतनी बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद अब राजनीतिक दलों के सामने यह समझने की चुनौती है कि नए मतदाता आंकड़ों का विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ सकता है।
गौतमबुद्ध नगर की तीनों विधानसभा सीटों पर बीजेपी अपने परंपरागत समर्थक मतदाताओं और मजबूत बूथ नेटवर्क के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार करती रही है। लेकिन इस बार मतदाता सूची में बड़े बदलाव के बाद पार्टी को अपने पुराने चुनावी आंकड़ों का नए सिरे से विश्लेषण करना होगा।
खासतौर पर शहरी इलाकों में मतदाताओं के स्थानांतरण और अनुपस्थिति का असर बूथवार समीकरण पर पड़ सकता है। ऐसे में बीजेपी को यह देखना होगा कि किन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा कम हुई है और इसका उसके पुराने चुनावी आधार पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
नोएडा विधानसभा सीट पर एसआईआर का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। यहां 1,83,887 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। नोएडा में लगातार बढ़ती आबादी, किरायेदारों का आना-जाना और नए आवासीय क्षेत्रों के विस्तार के कारण मतदाता सूची का गणित पहले से ही चुनौतीपूर्ण रहा है।
अब इतनी बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद सभी राजनीतिक दलों को बूथवार मतदाता संख्या का दोबारा आकलन करना पड़ेगा। पार्टी संगठन को यह समझना होगा कि किन इलाकों में मतदाता कम हुए हैं और किन क्षेत्रों में नए नाम जुड़ने की संभावना है।
एसआईआर के बाद गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में सबसे बड़ी चर्चा यही है कि हटाए गए मतदाताओं में किस दल के समर्थकों की संख्या अधिक थी। हालांकि, उपलब्ध आंकड़ों से यह स्पष्ट नहीं होता कि किस राजनीतिक दल को कितना नुकसान हुआ है।
आने वाले चुनाव में अंतिम मतदाता सूची और नए नामों के जुड़ने से विधानसभा सीटों के समीकरण किस तरह बदलेंगे, इस पर सभी दलों की नजर रहेगी। फिलहाल नोएडा, दादरी और जेवर में मतदाता सूची में हुए बदलाव ने राजनीतिक संगठनों को अपनी चुनावी रणनीति पर नए सिरे से काम करने की चुनौती दे दी है।
Location : Noida
Published : 15 November 2026, 4:53 PM IST