
अखिलेश यादव ने दल-बदलुओं पर कसा तंज (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज होने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले जनता के मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब भाजपा सरकार को देना चाहिए। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं, जबकि दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं की संख्या इससे कहीं ज्यादा है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर मंत्री पद किसे मिलेगा और किस आधार पर मिलेगा।
उन्होंने लिखा कि अगर किसी एक समाज के कई विधायकों में से किसी एक को मंत्री बनाया जाता है तो बाकी नेताओं का क्या होगा? क्या उपेक्षित नेताओं को ले-देकर शांत कराया जाएगा या फिर उन्हें यह एहसास कराया जाएगा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है।
समाचार : उप्र में मंत्रिमंडल का विस्तार
जनता के विचार और सवाल:
- उप्र में मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियाँ हैं, इससे ज़्यादा तो दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाज़ा जाएगा?
- क्या उनमें से सबसे कमज़ोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमज़ोरी कुछ कम…— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 10, 2026
सपा प्रमुख ने भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो नेता मंत्री नहीं बन पाएंगे, क्या वे अपने क्षेत्र में जनता का सामना कर पाएंगे या खुद को ठगा महसूस करेंगे।
अखिलेश यादव ने भाजपा के मौजूदा मंत्रियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन मंत्रियों के विभाग कम किए जाएंगे, क्या इससे जनता में यह संदेश नहीं जाएगा कि वे नाकाम रहे हैं?
उन्होंने दावा किया कि ऐसे मंत्री बिना चुनाव लड़े ही राजनीतिक नुकसान झेल सकते हैं।
सपा अध्यक्ष ने सहयोगी दलों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि क्या सहयोगी दलों को केवल इंतजार ही मिलेगा या फिर उन्हें भी उपेक्षा का सामना करना पड़ेगा। इसी दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा कि तुम थे जिनके सहारे, वो हुए न तुम्हारे… वो तो ठग हैं पुराने… तुम ये सच न जाने…
अखिलेश यादव ने सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे, जब 9 साल में सरकार कुछ नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने केवल भ्रष्टाचार और अत्याचार बढ़ाया है। सपा प्रमुख ने अपने ट्वीट के आखिर में लिखा-पीडीए पर वार-ही-वार! महंगाई-बेकारी की मार! ये जीना कर देंगे दुश्वार!
Location : Lucknow
Published : 10 May 2026, 12:15 PM IST
Topics : Akhilesh attack on BJP Akhilesh Yadav Tweet UP Cabinet Expansion 2026 UP Cabinet Expansion Yogi Cabinet Expansion 2026