
यूपी की सभी खबरें पढ़ें एक खबर और क्लिक में (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 5 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
5 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
बरेली में दरगाह आला हजरत के 108वें उर्स को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है। 6 से 8 अगस्त तक उर्स का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर प्रशासन और आयोजकों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संभल में चोरों ने एक ही रात में गांव के तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घरों से नगदी समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना थाना हजरत नगर गढ़ी क्षेत्र की बताई जा रही है।
मुजफ्फरनगर के खतौली में कांवड़ियों का पुलिस ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। एसएसपी और सीओ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन हाजी लालू भी मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी लगातार मजबूत रखी जा रही है।
अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने युवती को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव में पोखरे में डूबने से 33 वर्षीय ज्ञान प्रकाश उर्फ बिट्टन पांडेय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुबह मताधाम मंदिर के पास पोखरे में शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश के आसार हैं। राजस्थान और उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। दिल्ली में भी आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश के आसार हैं।
पीलीभीत के नौगवां पकड़िया नगर पंचायत में विकास कार्यों की TAC जांच शुरू हुई है। 18 बिंदुओं पर विकास कार्यों में घोटाले के आरोपों के बाद कमिश्नर से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद पहुंची TAC टीम ने मौके पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की।
Location : Lucknow
Published : 5 August 2026, 9:35 AM IST