UP Breaking News Live: सियासत का गलियारा हो या जुर्म की दुनिया, पल-पल की अपडेट्स के लिए बने रहिए हमारे साथ

UP Breaking News Live: उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट पढ़ें। लखनऊ से लेकर नोएडा और गोरखपुर तक, यूपी के सभी जिलों की खबरें यहां जानें।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 3 November 2026 , 1:19 PM

Lucknow: उत्तर प्रदेश के हर जिले की ताजा खबरों और बड़ी हलचलों से जुड़े रहने के लिए अब आपको अलग-अलग पेज पर जाने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ लेकर आया है उत्तर प्रदेश का खास लाइव ब्लॉग, जहां प्रदेश के सभी जिलों की हर अहम खबर आपको एक ही जगह मिलेगी।

इस लाइव ब्लॉग में राजनीति से लेकर अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय घटनाओं तक की हर बड़ी अपडेट लगातार दी जाएगी। लखनऊ से लेकर गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ और प्रदेश के छोटे-बड़े जिलों की खबरें यहां पढ़ने को मिलेंगी।

दिनभर की ब्रेकिंग न्यूज, बड़े राजनीतिक बयान, प्रशासनिक फैसले, सरकारी आदेश और आम जनता से जुड़ी जरूरी खबरों को इस ब्लॉग में अपडेट किया जाएगा। यानी उत्तर प्रदेश में क्या चल रहा है और किस जिले में क्या बड़ी घटना हुई, इसकी पूरी जानकारी आपको एक ही जगह मिलेगी।

उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर पर नजर बनाए रखने के लिए डाइनामाइट न्यूज़ के इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहिए। खबरें लगातार अपडेट होती रहेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 03 Nov 2026 01:19 PM (IST)

      Sultanpur News: रामनगर इमिलिया गांव में घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

      सुलतानपुर। जनपद में अवैध मिट्टी खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर इमिलिया गांव में अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने पहुंचे नायब तहसीलदार समेत राजस्व कर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

    • 03 Nov 2026 01:05 PM (IST)

      Hamirpur News: शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

      हमीरपुर के मौदहा कस्बे में शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आग बुझाने के प्रयास में महिला रिजवाना और बच्चा अयान झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

    • 03 Nov 2026 12:55 PM (IST)

      Sultanpur News: खनन माफियाओं का दुस्साहस! नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर जानलेवा हमला

      सुलतानपुर। जिले में अवैध खनन के कारोबार में संलिप्त लोगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर ही हमला बोल दिया गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के इमलिया गांव में अवैध खनन पर अंकुश लगाने पहुंचे सदर तहसील के नायब तहसीलदार और दो लेखपालों के साथ मारपीट की गई। हमले में घायल नायब तहसीलदार का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।

    • 03 Nov 2026 12:54 PM (IST)

      Hamirpur News: धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुतला फूंकने का किया प्रयास, FIR की मांग

      हमीरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला डाकघर के पास सपा कार्यकर्ताओं ने धीरेंद्र शास्त्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया और प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण और करवा चौथ को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

    • 03 Nov 2026 12:36 PM (IST)

      Amethi News: आईजीआरएस रैंकिंग में अमेठी का दबदबा, प्रदेश के टॉप-10 जिलों में बनाई जगह, मंडल में रहा अव्वल

      अमेठी। उत्तर प्रदेश में जनशिकायतों के निस्तारण में अमेठी ने कीर्तिमान स्थापित किया है। अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में अमेठी ने प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में जगह बनाने के साथ मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। अक्टूबर माह में प्राप्त 8,158 शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी की नियमित समीक्षा और एक दिवस में पूर्ण समाधान अभियान के जरिए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

    • 03 Nov 2026 12:32 PM (IST)

      Maharajganj News: अर्णब चक्रवात का कहर: तेज हवाओं से खेतों में गिरी धान की तैयार फसल

      महराजगंज: अर्णब चक्रवात के प्रभाव से मौसम में आए बदलाव और तेज हवाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई गांवों में धान की फसल खेतों में गिर गई है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने लगा है। वहीं, किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

    • 03 Nov 2026 12:31 PM (IST)

      Maharajganj News: लक्ष्मीपुर की वृहद गौशाला में जर्जर टिनशेड ने बढ़ाई गोवंश की मुश्किलें

      महराजगंज: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और देखरेख के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गौशालाओं का संचालन कराया जा रहा है। इसके लिए बजट जारी कर पशुओं के चारे, पानी, इलाज और रहने की व्यवस्था की जाती है। लेकिन इन व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए डाइनामाइट न्यूज़ की टीम ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक के कोट कम्हरिया गांव स्थित वृहद गौशाला केंद्र का जायजा लिया। पड़ताल के दौरान जहां कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं जर्जर टिनशेड और साफ-सफाई को लेकर सुधार की जरूरत सामने आई।

    • 03 Nov 2026 12:10 PM (IST)

      Bareilly News: केसर चीनी मिल पर प्रशासन का शिकंजा, 10 नवंबर तक भुगतान नहीं तो सील होगी संपत्ति

      बरेली किसानों का 162 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान बकाया होने पर बहेड़ी की केसर चीनी मिल के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ चीनी मिल पहुंची।

      करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान मिल के प्रशासनिक भवन, सीएमडी की कोठी, अधिकारियों के बंगले और कर्मचारी आवासों का निरीक्षण कर संपत्तियों का मूल्यांकन किया गया। प्रशासन ने मिल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि 10 नवंबर तक भुगतान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो मिल की संपत्तियां सील करने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं, 17 नवंबर को मिल की 11 एकड़ से अधिक जमीन की नीलामी भी प्रस्तावित है।

    • 03 Nov 2026 12:09 PM (IST)

      Bareilly News: बरेली में SSP ने फिर चलाई तबादला एक्सप्रेस, छह पुलिसकर्मी इधर से उधर

      बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने एक बार फिर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। मंगलवार को छह पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए गए। इस बार मीरगंज से लेकर सीबीगंज और शेरगढ़ से विशारतगंज तक तैनाती बदली गई है। पांच निरीक्षकों और एक दरोगा को नई जिम्मेदारी मिली है। तबादला सूची सामने आते ही पुलिस महकमे में नई तैनातियों को लेकर हलचल शुरू हो गई।

    • 03 Nov 2026 12:08 PM (IST)

      Mainpuri News: मैनपुरी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 29 मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

      मैनपुरी। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरावली पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान वाहन लूट की घटनाओं में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

    • 03 Nov 2026 12:07 PM (IST)

      Deoria News: नाले में पानी के बीच निर्माण! गुणवत्ता पर उठे सवाल, लोगों ने रुकवाया काम

      देवरिया। नवनिर्मित बस स्टैंड तक पहुंचने वाली सड़क से जुड़े निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। निर्माणाधीन नाले में पानी भरा होने के बावजूद निर्माण कार्य कराए जाने पर लोगों ने सवाल खड़े किए और मौके पर काम रुकवा दिया।

    • 03 Nov 2026 12:06 PM (IST)

      Amethi News: अमेठी में पुलिस मुठभेड़ में दो सगे भाई गिरफ्तार, दिन में रेकी और रात में करते थे चोरी

      अमेठी। अमेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सोमवार को देर रात मुठभेड़ के दौरान चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल गिरने से पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 15 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों भाई दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में चिन्हित मकानों में चोरी करते थे। दोनों के खिलाफ अमेठी समेत चार जनपदों में कुल 41 मुकदमे दर्ज हैं।।

    • 03 Nov 2026 11:58 AM (IST)

      Muzaffarnagar News: छपार में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़

      मुजफ्फरनगर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। छपार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी उज्जवल शर्मा को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी 25 अक्टूबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर सद्दाम की थार कार पर फायरिंग करने के मामले में वांछित थे।

    • 03 Nov 2026 11:57 AM (IST)

      Mainpuri News: किशनी में मोबाइल की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों का सामान लेकर फरार

      मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में चोरों ने मोबाइल की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से कई मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसरीज और नकदी लेकर फरार हो गए।

    • 03 Nov 2026 11:57 AM (IST)

      Fatehpur News: फतेहपुर में राज्यमंत्री की बहन से मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जमीनी विवाद आया सामने

      यूपी के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर समसाही गांव में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन और पूर्व प्रधान रामा देवी पासवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। रामा देवी का आरोप है कि वह दवा कराकर लौट रही थीं, तभी जमीन विवाद में हो रही मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

    • 03 Nov 2026 11:53 AM (IST)

      Hathras News: कन्या गुरुकुल की पांच छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

      संस्था ने गुरुकुल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की (Img: Dynamite News)

      हाथरस। सासनी स्थित कन्या गुरुकुल में मानसिक मंदबुद्धि दिव्यांग सशक्तीकरण सेवा संस्था की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कन्या गुरुकुल की पांच छात्राओं को उत्कृष्ट कार्य, प्रतिभा और सराहनीय प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अवधेश कुमार का भी संस्था की ओर से विशेष अभिनंदन किया गया।

Location :  Lucknow

Published :  3 November 2026, 11:52 AM IST