UP Breaking News Live: लखनऊ से लेकर नोएडा तक, उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल अब बस एक क्लिक पर

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपलब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेशवासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहा है। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी-बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढ़ें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 September 2026 , 7:11 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 13 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।

प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।

डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।

13 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 13 Sep 2026 07:11 PM (IST)

      Ballia News: भृगु कॉरिडोर का शुभारंभ, दयाशंकर सिंह ने किया भूमि पूजन

      बलिया में महर्षि भृगु मंदिर परिसर में भृगु कॉरिडोर परियोजना की शुरुआत हुई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संतों की मौजूदगी में भूमि पूजन किया। 50 करोड़ रुपये के प्रथम चरण वाली परियोजना से मंदिर परिसर का विस्तार, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विकास होगा। कार्यक्रम में भव्य महाआरती हुई और 81 महिला लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

    • 13 Sep 2026 06:41 PM (IST)

      Pratapgarh News: गणपति बप्पा की भक्ति में डूबा बेल्हा, जगह-जगह सजे भव्य पंडाल

      प्रतापगढ़ में गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। शहर से गांव तक आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं और गणपति प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु बप्पा को पंडालों तक ले जाते दिखे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है।

    • 13 Sep 2026 05:56 PM (IST)

      Ballia News: ई-रिक्शा सवार महिला से मंगलसूत्र छीनने वाले तीन पकड़े, दो बाल अपचारी भी शामिल

      बलिया: चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर भागने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, दो तमंचे, कारतूस, चाकू, घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

      यहां पढ़ें पूरी खबर : सुहाग की निशानी छिनने का दर्द और खाकी का न्याय, बलिया में लुटेरों के चंगुल से सकुशल बरामद माया देवी का मंगलसूत्र

    • 13 Sep 2026 05:55 PM (IST)

      Raebareli News: शिव महापुराण कथा में पहुंचे CM योगी, बोले- सनातन धर्म की शक्ति से दूर होंगी नकारात्मक शक्तियां

      रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने कथावाचक प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। योगी ने कहा कि भगवान शिव लोकमंगल के लिए विष धारण करते हैं और सनातन परंपरा समाज को शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि धर्म से जुड़ी कथाएं भारत की संस्कृति और भविष्य को मजबूत करती हैं।

      यहां पढ़ें पूरी खबर: अयोध्या, काशी से लेकर मथुरा-वृंदावन तक; यूपी की आध्यात्मिक विरासत पर CM योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान

    • 13 Sep 2026 05:43 PM (IST)

      Deoria News: वीडियो बनाने के आरोप में युवक की बेरहमी से पिटाई, आरोपी छात्रों पर मुकदमा दर्ज

      देवरिया: सदर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज के पास वीडियो बनाने के आरोप में एक युवक की कुछ छात्रों द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी छात्रों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    • 13 Sep 2026 05:42 PM (IST)

      Mainpuri News: एक दिन में चार नाबालिगों से छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

      जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में एक ही दिन में अलग-अलग गांवों में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप से सनसनी फैल गई। शिकायतों के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक बच्ची की छीनी गई साइकिल और वारदात में इस्तेमाल किया गया हसिया बरामद किया गया है।

    • 13 Sep 2026 05:42 PM (IST)

      Deoria News: चार माह से टेक्नीशियन की तैनाती का इंतजार, सीएचसी रुद्रपुर की मशीन बनी शोपीस

      देवरिया: रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीएचसी परिसर में एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले करीब चार माह से टेक्नीशियन की तैनाती नहीं होने के कारण क्षेत्र के मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालात यह हैं कि जांच की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मायूस होकर दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।

    • 13 Sep 2026 05:41 PM (IST)

      Mirzapur News मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य

      मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से 2014 से देश-प्रदेश की सेवा का अवसर मिला। वे वेद संदेश यात्रा में शामिल हुए और 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का विश्वास जताया।

    • 13 Sep 2026 05:40 PM (IST)

      Hathras News: घर में खेलते-खेलते अचानक गिरी 10 साल की बच्ची, अस्पताल पहुंचते ही मौत

      हाथरस: थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव गढ़ी जैनी में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में खेल रही 10 वर्षीय बच्ची अचानक गिरकर बेहोश हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

    • 13 Sep 2026 04:05 PM (IST)

      Pratapgarh News: गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से सब्जी लदी पिकअप पलटी

      प्रतापगढ़। गंगा एक्सप्रेसवे पर महेशगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। टायर फटने से अनियंत्रित हुई सब्जी लदी पिकअप पलट गई, जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

      घटना महेशगंज थाना क्षेत्र के मलाकिया गांव के पास हुई। बताया गया कि पिकअप में सब्जियां लादकर चालक प्रयागराज की ओर जा रहा था। एक्सप्रेसवे पर मलाकिया के पास अचानक पिकअप का टायर फट गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। पिकअप में लदी सब्जियां सड़क पर दूर तक बिखर गईं और सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

    • 13 Sep 2026 03:29 PM (IST)

      Farrukhabad News: गांव-गांव मे लगा रहे स्वास्थ्य शिविर डॉ युवराज सिंह

      फर्रुखाबाद। अमृतपुर विधानसभा-193 में इस बार बदलाव की चर्चाएं तेज होती दिखाई दे रही हैं। क्षेत्र में भाजपा नेता एवं समाजसेवी डॉ. युवराज सिंह की लगातार बढ़ती सक्रियता को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

      डॉ. युवराज सिंह जब गांव-गांव पहुंच रहे हैं तो स्थानीय लोगों की ओर से उनका स्वागत किया जा रहा है। खासकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की लोग सराहना करते नजर आ रहे हैं।

      हाल ही में गांव चिलसरा में लगाए गए सुपर स्पेशलिस्ट मेडिकल कैंप में सैकड़ों मरीजों की निःशुल्क जांच की गई और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। कैंप में हिंदू-मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

    • 13 Sep 2026 03:26 PM (IST)

      Hathras News: जिला अस्पताल में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण

      हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शनिवार को बागला जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिल रहे उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

      निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जानकारी मिली कि एनीमिया से पीड़ित एक बच्चे को तत्काल B+ रक्त की जरूरत है। बच्चे की स्थिति को देखते हुए एसपी ने तत्काल पुलिसकर्मियों को रक्तदान के लिए आगे आने के निर्देश दिए।

    • 13 Sep 2026 03:25 PM (IST)

      Budaun News: बदायूं में गणेश चौथ की धूम: सज गया मूर्तियों का बाजार

      बदायूं: जनपद में गणेश चौथ (गणेश चतुर्थी) के पावन पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर पर हैं और बाजारों में गणेश मूर्तियों की जमकर खरीदारी हो रही है। आगामी 14 सितंबर को घरों, पंडालों और मंदिरों में हर्षोल्लास के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।

      बदायूं में राजस्थान से आए कलाकारों द्वारा सुंदर और भव्य प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। पिछले 8 वर्षों से दातागंज रोड पर भाजपा कार्यालय के पास विशेष रूप से गणेश प्रतिमाओं का बाजार लगाया जा रहा है, जहां भगवान की मनमोहक मूर्तियां देखकर भक्त खुद खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। कारीगरों का कहना है कि वे पिछले 3-4 महीनों से लगातार मूर्तियां बना रहे हैं। इन मूर्तियों का कोई निश्चित मूल्य नहीं होता, बल्कि कलाकार इसे श्रद्धा और दक्षिण के रूप में स्वीकार करते हैं।

    • 13 Sep 2026 02:35 PM (IST)

      Hamirpur News: प्रयागराज के युवक की कौशांबी में सिर कूंचकर हत्या

      कौशांबी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में एक युवक की लाश कार की डिक्की में मिली है। कार से कुछ दूरी पर एक निर्माणाधीन जमीन के पास खून के निशान मिले। पुलिस ने क्राइम सीन को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। पुलिस जांच आशनाई के एंगल पर आगे बढ़ रही है। मृतक जेसीबी चलवाने का काम करता था।
      प्रयागराज के थरवई का रहने वाला रवि यादव पुत्र राम कृपाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। रवि यादव घर से अलग धूमनगंज थाना इलाके में किराए पर कमरा लेकर रहता था। जीजा कृष्ण चंद्र यादव ने बताया कि रवि के ऊपर ही घर की पूरी जिम्मेदारी थी। उसने जेसीबी खरीद रखी थी, जिसे वह ठेके पर चलवाया करता था।

    • 13 Sep 2026 01:52 PM (IST)

      Hamirpur News: भाभी को कमरे में बंद कर ईंट और ब्लेड से किया कत्ल

      मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहुंनी गांव में शराब के नशे में धुत कलयुगी बेटे नरेश ने अपने ही बुजुर्ग पिता ठाकुरदास की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की शाम जरिया से आए दो भांजों की मौजूदगी में नरेश ने अत्यधिक शराब पी और अपनी भाभी राधा से गाली-गलौज करने लगा। चारपाई पर लेटे पिता ठाकुरदास ने जब बहू का पक्ष लेते हुए बेटे की इस हरकत का विरोध किया, तो नरेश उनसे भी उलझ गया और विवाद बढ़ गया।

      आरोपी ने नशे की हालत में पहले अपनी भाभी को एक कमरे में बंद कर दिया ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद वह बाहर चारपाई पर लेटे पिता पर टूट पड़ा। नरेश ने बुजुर्ग पिता पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए और उनके सीने पर चढ़कर गला दबा दिया। पिता के जिंदा बचने के शक में दरिंदगी की हद पार करते हुए उसने ब्लेड से उनके गले और सीने पर करीब पांच गहरे वार किए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    • 13 Sep 2026 01:46 PM (IST)

      Vindhyachal News: विंध्याचल में पहली बार गूंजेगा वेदों का संदेश

      विंध्याचल: धर्मनगरी विंध्याचल रविवार को वैदिक संस्कृति और परंपरा के एक अनूठे आयोजन की साक्षी बन रही है। मां विंध्यवासिनी धाम में पहली बार ऐतिहासिक वैदिक संदेश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ सुबह 10 बजे मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर प्रांगण से हुआ।

      इस भव्य यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे प्रख्यात विद्वान, आचार्य और वैदिक धर्माचार्यों के साथ करीब 500 बटुक शामिल हैं। यात्रा मां विंध्यवासिनी धाम से प्रारंभ होकर पुरानी वीआईपी मार्ग, राम-जानकी मंदिर, स्टेट बैंक चौराहा, बावली चौराहा और बंगाली चौराहा होते हुए विंध्य रेजिडेंसी तक पहुंचेगी। इस आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण के जरिए लोगों को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा से जुड़ने का विशेष संदेश दिया जा रहा है।

    • 13 Sep 2026 01:44 PM (IST)

      Hamirpur News: कोटेदार और उसके साथी ने राशन कार्ड धारक के साथ की मारपीट

      यूपी के हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र में राशन लेने पहुंचे एक राशन कार्ड धारक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कोटेदार और उसके साथी ने कार्ड धारक के साथ मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो कोटेदार ने महिलाओं को आगे कर दिया। मारपीट के दौरान पीड़ित का छोटा बच्चा भी मौके पर मौजूद था। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 और सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। वहीं, पीड़ित ने कोटेदार पर आए दिन राशन कार्ड धारकों के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया है।

    • 13 Sep 2026 01:41 PM (IST)

      Hamirpur News: बेटे को डूबने से बचाने नाले में कूदा पिता तेज बहाव में बहा

      हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बेटे की जान बचाने के लिए नाले में कूदे पिता की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। घटना के करीब 22 घंटे बाद गोताखोरों की मदद से 45 वर्षीय रामकिशोर का शव बरामद कर लिया गया है।

    • 13 Sep 2026 01:39 PM (IST)

      Pratapgarh News: रानीगंज में गैस कटर से ताला और अलमारी काटकर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी

      प्रतापगढ़: रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बड़ी और दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बेखौफ चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल करके घर का ताला और लोहे की अलमारी काटी, और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी साफ कर दिए।

      पीड़ित सुशील कुमार मिश्र गुजरात में निजी नौकरी करते हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी इंदु मिश्र बच्चों के साथ रहती हैं। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की गहराई से छानबीन में जुट गई है।

    • 13 Sep 2026 01:37 PM (IST)

      Fatehpur News: थरियाव थाने से इंसाफ न मिलने पर एसपी से गुहार

      फतेहपुर। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 15 साल बाद एक महिला अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। पति का आरोप है कि महिला घर में रखे लाखों रुपए के जेवर और 22 हजार रुपए नकद भी अपने साथ ले गई है।

      थरियांव थाना क्षेत्र के मुरांव गांव के रहने वाले बुद्दन की शादी करीब 15 साल पहले रीता देवी से हुई थी। उनके दो बेटियां भी हैं। बुद्दन मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं। घटना 7 सितंबर को दिन में करीब 11 बजे की है। बुद्दन अपने भाई के घर मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान गांव के मोनू और सकूलपुर के ओम, जिनकी बुद्दन की पत्नी पर बुरी नजर थी, मौका पाकर पति का आरोप है कि वे रीता को शादी का झांसा देकर फरार हुए हैं। महिला अपने साथ 22 हजार रुपए नकद और घर में रखे सभी जेवर ले गई। इन जेवरों में 5 सोने के लॉकेट, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की लॉकेट माला, 250 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की हाफ पेटी, 300 ग्राम चांदी की फुल पेटी, एक सोने की बेसर, दो चांदी की अंगूठी और एक सोने का मंगलसूत्र शामिल है।

    • 13 Sep 2026 01:35 PM (IST)

      Kaushambi News: कार की डिग्गी से मिला 26 वर्षीय जेसीबी चालक का शव

      कौशांबी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के पास एक कार की डिग्गी से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान प्रयागराज के थरवई निवासी रवि यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से जेसीबी चलवाने का काम करता था।

      प्राथमिक पुलिस जांच में इस सनसनीखेज मौत के पीछे 'आशनाई' (प्रेम प्रसंग) का मामला सामने आ रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

    • 13 Sep 2026 01:17 PM (IST)

      Deoria News: निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

      देवरिया, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भटवलिया का औचक निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और उपकेंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न उपकरणों की स्थिति, फीडरों के संचालन तथा उपभोक्ताओं को मिल रही विद्युत आपूर्ति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली
      जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपकेंद्र से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह क्रियाशील रखी जाएं और विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न होने पाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

    • 13 Sep 2026 12:34 PM (IST)

      Ghaziabad News: ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मासूम की दर्दनाक मौत

      साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला बालाजी विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में पांच साल की मासूम बच्ची इनाया की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई है।

    • 13 Sep 2026 12:32 PM (IST)

      Ghaziabad News: लव मैरिज के बाद अरमानों पर फिरा खून

      Ghaziabad: मुरादनगर थाना क्षेत्र में छत से गिरने से हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने और छत से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

      यहां पढ़ें पूरी खबर: लव मैरिज के बाद अरमानों पर फिरा खून: जिस पार्टनर पर छिड़की थी जान, उसी ने छत से फेंककर छीन ली सांसे

    • 13 Sep 2026 12:25 PM (IST)

      Hamirpur News: जमीनी विवाद में बेटे ने की 75 वर्षीय मां की निर्मम हत्या

      हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर एक बेटे पर अपनी ही 75 वर्षीय मां की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। आरोपी बेटे आनंदी यादव उर्फ जुल्ली ने मां रामश्री की सब्बल और ईंट से वार करके बेरहमी से हत्या कर दी।

      सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर करीब 13 साल पहले अपने भाई की हत्या का भी आरोप है, और उसके खिलाफ सुमेरपुर थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

    • 13 Sep 2026 12:23 PM (IST)

      Amroha News: युवक की निर्मम हत्या कर गन्ने के खेत में जलाया शव

      अमरोहा में एक युवक की निर्मम हत्या से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई है। अज्ञात हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद युवक के शव और उसकी बाइक को पेट्रोल छिड़ककर जलाने का प्रयास किया।

      घटनास्थल पर गन्ने के खेत में युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अधजला शव और जली हुई बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    • 13 Sep 2026 12:21 PM (IST)

      Mathur News: वृंदावन में ज्वेलर्स के मकान में लगी भीषण आग

      मथुरा के वृंदावन में एक ज्वेलर्स के मकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग की विकराल लपटों को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

      सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

    • 13 Sep 2026 12:20 PM (IST)

      Sitapur News: शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग

      सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली इलाके के गोपालपुर गांव में शॉर्ट सर्किट के चलते एक घर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में झुलसकर 11 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन गंभीर रूप से झुलस गए।

      घटना के समय परिवार के तीनों सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

    • 13 Sep 2026 11:56 AM (IST)

      Hathras News: दाऊजी मेले की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की संयुक्त बैठक

      हाथरस में 115 वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक हुई। इसमें मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों के साथ समन्वय के लिए लगाए गए अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और मेला कोर कमेटी के सदस्य शामिल हुए। डीएम ने अधिकारियों को संयोजकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सामने आने वाली समस्याओं का समय से निस्तारण कराने के सख्त निर्देश दिए।

    • 13 Sep 2026 11:07 AM (IST)

      Budaun News: जरीफनगर थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर पर मोबाइल चोरी की FIR में नामजदगी

      बदायूं के जरीफनगर थाने में तैनात पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगे हैं। थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद को मोबाइल चोरी की दर्ज FIR में आरोपी बनाया गया है।

      आरोप है कि ऑपरेटर जावेद आरोपियों को पुलिस विभाग की गोपनीय जानकारी और चोरी किए गए मोबाइलों के बारे में बताकर उनकी मदद करता था। इस मामले में पुलिस ने प्रेमपाल उर्फ बंटी और रंजीत सहित जावेद को नामजद करते हुए FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

    • 13 Sep 2026 10:53 AM (IST)

      Mirzapur News: विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण पर किसानों ने मांगा उचित मुआवजा और पुनर्वास

      मिर्जापुर विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच शनिवार को सिटी ब्लॉक क्षेत्र के हुरुआ, देवरी, भेवरकरमनपुर, अर्जुनपुर पाठक व चौरा गांव के दर्जनों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर उपजाऊ एवं आवासीय भूमि का उचित मुआवजा देने तथा विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की मांग की।

      किसानों का कहना है कि प्रस्तावित 333 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए उनकी बहुफसलीय सिंचित कृषि भूमि के साथ आवासीय भूमि का भी सर्वे और चिह्नांकन किया जा रहा है। किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन भूमि का उचित मूल्यांकन चाहते हैं।

    • 13 Sep 2026 10:52 AM (IST)

      Mirzapur News: रात में अघोषित कटौती से जनता त्रस्त

      मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना परिसर में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर आए दिन खराब होने से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मर के बार-बार जलने से थाना परिसर सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में बिजली का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

      स्थानीय लोगों का कहना है कि चील्ह पावर हाउस द्वारा रात में लगातार अघोषित कटौती की जा रही है। शाम होते ही बिजली गुल हो जाती है और पूरी रात लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जब इस संबंध में चील्ह पावर हाउस पर बात की गई तो बताया गया कि यह कटौती औराई पावर हाउस से की जा रही है।

    • 13 Sep 2026 10:20 AM (IST)

      Kanpur News: कानपुर का वो मंदिर जो बाहर से दिखता है मकान अंदर विराजते हैं गणपति बप्पा

      कानपुर के घंटाघर इलाके की भीड़ और भागदौड़ के बीच एक ऐसा मंदिर मौजूद है, जिसे पहली नजर में देखकर शायद ही कोई अंदाजा लगा पाए कि यह मंदिर है। बाहर से यह किसी सामान्य तीन मंजिला मकान जैसा दिखाई देता है, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही भगवान गणेश की भक्ति और इतिहास की एक अलग दुनिया सामने आती है। घंटाघर स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर करीब एक सदी पुराने धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थल के रूप में जाना जाता है।

    • 13 Sep 2026 10:18 AM (IST)

      Kaushambi News: बाइक टच हुई तो प्रयागराज के बदमाशो ने चलाई गोली

      कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर कस्बे में शनिवार रात बाइक में टक्कर मारने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर दो सगे भाइयों से मारपीट की। इसके बाद तमंचे से तीन राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान एक गोली बड़े भाई की जांघ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

      आजाद नगर निवासी मोइन उद्दीन (19) के मुताबिक, वह शनिवार शाम करीब छह बजे बाजार से बाइक लेकर घर लौट रहा था। मदरसे के पास एक युवक छेड़खानी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बाइक दौड़ाते हुए मोइन की बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया।

    • 13 Sep 2026 10:16 AM (IST)

      Hamirpur News: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या कर दी

      यूपी के हमीरपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में एक बेटे पर अपनी मां की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 13 साल पहले भी आरोपी ने अपने भाई को भी उतरा था मौत के घाट।

    • 13 Sep 2026 10:12 AM (IST)

      Moradabad News: कांठ रोड पर चलती कार बनी आग का गोला

      मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांठ रोड पर एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कुछ ही मिनटों में कार धू-धूकर जलकर खाक हो गई। इस घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

      फिलहाल, कार में अचानक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आग लगने की असल वजह का खुलासा हो सकेगा।

    • 13 Sep 2026 10:08 AM (IST)

      Hamirpur News: बेटे ने ही की पिता की हत्या, सोते समय ब्लेड से गला रेतने का आरोप

      हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी खुर्द गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में पुलिस ने मृतक ठाकुरदास के बेटे नरेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद बेटे ने ही अपने पिता पर हमला किया था।

      पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, घटना से पहले नरेश शराब के नशे में था। इसी दौरान उसका पिता ठाकुरदास से घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद नरेश ने सो रहे पिता के गले पर ब्लेड से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

      बेटे नरेश ने की पिता ठाकुरदास की हत्या(Img: X)

    • 13 Sep 2026 09:38 AM (IST)

      Mirzapur News: विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण पर किसानों ने मांगा उचित मुआवजा और पुनर्वास

      मिर्जापुर विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच शनिवार को सिटी ब्लॉक क्षेत्र के हुरुआ, देवरी, भेवरकरमनपुर, अर्जुनपुर पाठक व चौरा गांव के दर्जनों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर उपजाऊ एवं आवासीय भूमि का उचित मुआवजा देने तथा विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की मांग की।

      किसानों का कहना है कि प्रस्तावित 333 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए उनकी बहुफसलीय सिंचित कृषि भूमि के साथ आवासीय भूमि का भी सर्वे और चिह्नांकन किया जा रहा है। किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन भूमि का उचित मूल्यांकन चाहते हैं।

    • 13 Sep 2026 09:30 AM (IST)

      Maharajganj News: फरेंदा में छाया गणेशोत्सव का उल्लास

      महराजगंज: फरेंदा नगर में गणेशोत्सव की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडाल में विराजमान कराया गया। प्रतिमा स्थापना के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए।प्रतिमा स्थापना से पूर्व धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का पूजन हुआ।

      इसके बाद आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने विघ्नहर्ता गणेश से परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।गणेशोत्सव को लेकर युवाओं,महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल को फूलों,झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही पंडाल रोशनी से जगमगा उठा।

    • 13 Sep 2026 09:28 AM (IST)

      Maharajganj News: सिसवा नगर व देहांत क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई

      बिजली चोरी रोकने और बकाए राजस्व की वसूली को लेकर बिजली विभाग ने शनिवार को सिसवा टाउन व ग्रामीण क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी के निर्देशन व अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान विभाग ने 15 लोगों पर बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही 55 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए।

      ​विभागीय टीम ने सिसवा नगर व देहांत क्षेत्र के सण्डा खुर्द और कटहरी गांव में जाकर कनेक्शनों और मीटरों की जांच की। इस दौरान कटिया मारकर सीधे बिजली चोरी करते पाए जाने पर 15 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया।

    • 13 Sep 2026 09:04 AM (IST)

      Deoria News: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी चाइना अंसारी के पैर में लगी गोली

      देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मुकदमे में पुलिस ने दो आरोपियों चाइना अंसारी और अम्बुज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चाइना अंसारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद किया गया।

      पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर भोर के समय वापस लौट रही थी। इसी दौरान सोनाड़ी रोड पर अचानक नीलगाय के सामने आ जाने से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे चला गया और उसका पहिया फंस गया। पुलिसकर्मी वाहन निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, आरोपी चाइना अंसारी ने एक उपनिरीक्षक का रिवॉल्वर छीन लिया और भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

    • 13 Sep 2026 09:03 AM (IST)

      Deoria News: भलुअनी हत्याकांड में बवाल के बीच पुलिस मुठभेड़

      देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र में करीब 23 वर्षीय मनीष सिंह उर्फ मोनू सिंह की चाकू से हमला कर हत्या के बाद शुरू हुआ बवाल अब पुलिस मुठभेड़ तक पहुंच गया है। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर देवरिया-बरहज मार्ग जाम कर दिया। इसी बीच पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी चाइना अंसारी और अम्बुज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

      पुलिस के मुताबिक, चाइना अंसारी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर वापस लौट रही थी। भोर के समय सोनाड़ी रोड पर अचानक नीलगाय सामने आने से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे चला गया और उसका पहिया फंस गया।

    • 13 Sep 2026 08:48 AM (IST)

      Mirzapur News: मिर्जापुर में सस्ती गाड़ियों के नाम पर ठगी

      मिर्जापुर में सस्ती गाड़ियां दिलाने के नाम पर राधा स्वामी ऑर्गेनाइजेशन के माध्यम से ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भरपुरा, भिलगो और झींगुरा आदि गांवों के 15-20 ग्रामीण सुल्तान आलम के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

      पीड़ितों के अनुसार, राधा स्वामी ऑर्गेनाइजेशन के जिला प्रभारी विनोद कुमार ने 'फॉर यू एजेंसी' बरूहना के जरिए अक्टूबर 2025 में उनसे 75,000 रुपये नकद लेकर गाड़ी दिलवाई थी। आरोपी ने भरोसा दिया था कि एजेंसी में 24,000 रुपये जमा करने के बाद शेष राशि कंपनी में जमा रहेगी और प्रतिमाह 3,017 रुपये की किस्त का पैसा भी कंपनी द्वारा ही उनके खातों में भेजा जाएगा, जिसके बाद ठगी का यह बड़ा खुलासा हुआ।

    • 13 Sep 2026 08:45 AM (IST)

      Deoria News: डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय और थाना बघौचघाट का किया औचक निरीक्षण

      देवरिया: जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) बघौचघाट और थाना बघौचघाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

      विद्यालय निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। नियमित साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ छात्राओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।

    • 13 Sep 2026 08:43 AM (IST)

      Budaun News: बदायूं में शाम ढलते ही फेल हो जाती है ट्रैफिक व्यवस्था

      बदायूं जनपद में ट्रैफिक व्यवस्था की पोल शाम होते ही खुल जाती है। दिन में तो किसी तरह व्यवस्था चलती रहती है, लेकिन शाम ढलते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट से नदारद हो जाते हैं। नतीजा, शहर के मुख्य चौराहों और सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को घंटों जूझना पड़ता है।

      शहर के सबसे व्यस्त इलाके पुलिस लाइन चौराहा, दातागंज चुंगी, कचहरी रोड और नवादा का हाल सबसे बुरा है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह डग्गामार वाहन चालक सड़क पर अपने वाहन आड़े तिरछे खड़े कर देते हैं और सवारी भरने के चक्कर में पूरी सड़क को ही जाम कर देते हैं। इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है।

      जानकारी के मुताबिक ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज कुमार वर्मा को सौंपी गई है, लेकिन उनके तमाम दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। जमीनी हकीकत यह है कि शाम के पीक आवर में जब सबसे ज्यादा पुलिस की जरूरत होती है, तब ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी गायब रहते हैं।

       

    • 13 Sep 2026 08:40 AM (IST)

      Hamirpur News: गाली-गलौज और मोबाइल छीनकर तोड़ने का आरोप

      हमीरपुर में कोतवाली नगर में तैनात एक सिपाही पर अभद्रता, गाली-गलौज और मोबाइल छीनकर तोड़ने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक विवाद के दौरान सिपाही ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और मोबाइल छीनकर पटक दिया, जिससे मोबाइल का डिस्प्ले टूट गया। मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने थाना कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Lucknow

Published :  13 September 2026, 8:10 AM IST