
लाढ़ी सिंह ( अभियुक्त गगनदीप का भाई )
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ की संयुक्त जांच के बाद पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के कथित स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को दो दिन पूर्व गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह भी शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के रामराज थाना क्षेत्र के खादर इलाके में स्थित शाहपुर मजरे का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और स्थानीय लोग भी इस घटना से हैरान हैं।
Muzaffarnagar Encounter: मीरापुर मुठभेड़ में मेरठ का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
बुधवार रात जब मीडिया की टीम आरोपी गगनदीप के घर पहुंची तो उसके भाई लाढ़ी सिंह ने कैमरे पर बातचीत करते हुए परिवार की स्थिति और गगनदीप की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गगनदीप पढ़ाई में ज्यादा आगे नहीं था और वह 10वीं फेल था।
लाढ़ी सिंह के अनुसार उनके पिता ट्रक ड्राइवर हैं और परिवार का गुजारा मेहनत-मजदूरी से चलता है। उन्होंने बताया कि गगनदीप कभी-कभी अपने पिता के साथ ट्रक पर कंडक्टरी करने भी चला जाता था।
परिवार के अनुसार, गगनदीप की तबीयत एक समय खराब हो गई थी और उसे पीलिया हो गया था। इसके बाद उसे घर से बाहर भेज दिया गया था। बाद में वह नोएडा में रहकर वाईफाई का काम करने लगा था। परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वह इस तरह के किसी मामले में कैसे और क्यों शामिल हुआ।
ऑन कैमरा बातचीत में लाढ़ी सिंह ने स्पष्ट कहा कि उन्हें पुलिस या किसी अन्य माध्यम से ही इस गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि गगनदीप को कहां से उठाया गया या उसके खिलाफ किस तरह की जांच चल रही है। परिवार ने खुद को इस मामले से अनजान बताते हुए दूरी बनाए रखने की बात कही।
फिलहाल यूपी एटीएस और एसटीएफ इस पूरे स्लीपर सेल नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन शामिल हो सकता है।
इस मामले ने स्थानीय स्तर पर भी हलचल बढ़ा दी है और आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 28 May 2026, 11:13 AM IST
Topics : Muzaffarnagar Sleeper Cell STF Terror Network UP ATS