
गिरफ्तार आरोपी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार पाकिस्तान स्थित अपराधियों और इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े पाए गए हैं। एजेंसी के अनुसार, ये आरोपी भारत में युवाओं को गुमराह कर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की साजिश में शामिल थे।
एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी कि ISI के इशारे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम के माध्यम से भारतीय युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेला जा रहा है। जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट के साथ कुछ कट्टरपंथी यूट्यूबर्स मिलकर इस नेटवर्क को चला रहे थे।
इनका मकसद युवाओं को पैसे और विचारधारा के जरिए प्रभावित कर देश में स्लीपर सेल तैयार करना था, जिससे भविष्य में बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया जा सके।
जांच के दौरान दो मुख्य आरोपियों की पहचान हुई- मेरठ निवासी तुषार चौहान उर्फ हिज्बुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान। दोनों ही सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी नेटवर्क के संपर्क में आए थे।
एटीएस ने 23 अप्रैल को नोएडा से दोनों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है।
एटीएस के अनुसार, तुषार चौहान को सीधे तौर पर VIP लोगों को निशाना बनाने का निर्देश दिया गया था। उसे उनके घरों पर हथगोले फेंकने और हत्या करने के लिए उकसाया गया था।
पूछताछ में तुषार ने बताया कि उसे इस काम के लिए पहले 50 हजार रुपये और मिशन पूरा होने के बाद ढाई लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। साथ ही, उसे पासपोर्ट बनवाकर दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजने का भी वादा किया गया था।
तुषार ने यह भी खुलासा किया कि उसे मेजर हमीद, मेजर इकबाल और मेजर अनवर जैसे ISI एजेंट्स द्वारा टार्गेट दिए जाने की बात कही गई थी। इससे स्पष्ट होता है कि यह नेटवर्क केवल आपराधिक नहीं बल्कि संगठित आतंकी साजिश का हिस्सा था।
दूसरा आरोपी समीर खान भी सोशल मीडिया के जरिए इस नेटवर्क से जुड़ा था। उसे ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ जैसे संगठन के प्रचार-प्रसार का काम सौंपा गया था। उसे दीवारों पर इस संगठन के नाम लिखने और नए युवाओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी।
UP ATS के दिवंगत एएसपी राजेश साहनी की आत्महत्या प्रकरण में बैठक, पीपीएस अफसरों में जबरदस्त आक्रोश
एटीएस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश ने बताया कि यह नेटवर्क भारत की शांति और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने के उद्देश्य से काम कर रहा था। युवाओं को कट्टरपंथ और लालच के जरिए आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की योजना बनाई जा रही थी।
एटीएस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस मॉड्यूल से और कितने लोग जुड़े हैं और देश के किन-किन हिस्सों में इसका प्रभाव फैला हुआ है।
Location : Lucknow
Published : 27 April 2026, 1:00 PM IST
Topics : crime news ISI Network noida news Terror Arrest UP ATS