यूपी विधानसभा चुनाव से पहले शिवपाल यादव ने भाजपा पर हमला बोला और बाबा बागेश्वर की ली चुटकी

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शिवपाल यादव ने प्रतापगढ़ में भाजपा को लेकर बड़ा सियासी दावा किया। वहीं, बाबा बागेश्वर की कथा को लेकर भी उन्होंने ऐसी टिप्पणी की, जिसकी चर्चा हो सकती है। आखिर चुनावी गठबंधन पर क्या बोले शिवपाल और बाबा बागेश्वर को लेकर क्यों कहा- ये बहुत महंगे हैं?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 5:09 PM IST

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर भी जारी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया है। शिवपाल यादव बुधवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

भाजपा सरकार से हर वर्ग त्रस्त

शिवपाल यादव ने भाजपा को कमजोर बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता, महिलाएं और नौजवान सभी त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी और समाजवादी पार्टी अपने गठबंधन के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। हालांकि, चुनावी गठबंधन के स्वरूप को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने फिलहाल कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर दिया बयान

बाबा बागेश्वर की कथा के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि वे कथावाचकों और भागवताचार्यों का सम्मान करते हैं। उनके क्षेत्र में भी भागवत कथाओं का आयोजन होता रहता है। उन्होंने कहा, "ये बहुत महंगे हैं। हमारे यहां सस्ते कथावाचक हैं और वे अच्छी कथा भी कहते हैं। हम कथा का विरोध कहां कर रहे हैं। ये लोग आपस में ही लड़ गए हैं। हम तो सभी का सम्मान करते हैं।"

वहीं, अखिलेश यादव या सपा नेताओं के निमंत्रण पर बाबा बागेश्वर के उनके यहां कथा करने आने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा, "हम अपने सस्ते वालों से ही काम चला लेंगे।"

Location :  Pratapgarh

Published :  25 November 2026, 5:09 PM IST