UP Assembly Election 2027: पश्चिमी यूपी में कौन किस सीट से लड़ेगा चुनाव? RLD-BJP की बैठक और आया बड़ा अपडेट

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी की सियासत में सीटों का गणित गरमाने लगा है। बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों पर किस दल का दावा मजबूत है और किन सीटों पर अभी सहमति नहीं बन पाई है? पूरी जानकारी पढ़िए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 November 2026, 3:40 PM IST

Baghpat News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पश्चिमी यूपी में रालोद और भाजपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के बीच तीन-दो का फॉर्मूला लागू होने की चर्चा है। इसके तहत रालोद के खाते में तीन और भाजपा के हिस्से में दो सीटें जा सकती हैं। हालांकि, बड़ौत और बागपत विधानसभा सीटों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। दोनों दलों के नेताओं के बीच 24 नवंबर को पहली बैठक प्रस्तावित है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक बातचीत पूरी होने और सीटों पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

24 नवंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे पर बातचीत

विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही रालोद और भाजपा के नेताओं की निगाहें सीटों के बंटवारे पर टिकी हैं। दोनों दलों के स्थानीय नेता अभी इस असमंजस में हैं कि किस विधानसभा सीट पर किस पार्टी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। सीटों को लेकर तस्वीर साफ नहीं होने के कारण कई नेता खुलकर चुनावी मैदान में सक्रिय होने से बच रहे हैं।

UP Assembly Election 2027 (Image Credit: Dynamite News)

जानकारी के मुताबिक, अगले सप्ताह दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। यह प्रक्रिया तीन दौर में पूरी होने की उम्मीद है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक सहमति बनने के बाद सीटों की घोषणा की जा सकती है। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर का कहना है कि शीर्ष स्तर पर सीट बंटवारे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है और जल्द ही पूरी स्थिति सभी के सामने होगी।

छपरौली-सिवालखास रालोद के खाते में रहने की चर्चा

बागपत लोकसभा क्षेत्र में बागपत, बड़ौत, छपरौली, सिवालखास और मोदीनगर विधानसभा सीटें आती हैं। मौजूदा स्थिति में इनमें दो सीटों पर रालोद और तीन पर भाजपा के विधायक हैं। छपरौली से रालोद के डॉ. अजय कुमार और सिवालखास से गुलाम मोहम्मद ने जीत दर्ज की थी। वहीं, भाजपा के केपी मलिक बड़ौत, योगेश धामा बागपत और मंजू सिवाच मोदीनगर से विधायक हैं। सीट बंटवारे के संभावित फॉर्मूले में छपरौली और सिवालखास रालोद के पास रहने की चर्चा है।

मोदीनगर सीट भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन बागपत और बड़ौत सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनना बाकी है। इन दोनों सीटों पर बातचीत के बाद ही अंतिम तस्वीर साफ होगी।

2022 में पांचों सीटों पर रालोद ने उतारे थे प्रत्याशी

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और रालोद का गठबंधन था। उस समय बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों पर रालोद के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। इनमें सिवालखास सीट पर सपा के गुलाम मोहम्मद को रालोद के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा गया था। गठबंधन टूटने के बाद भी गुलाम मोहम्मद रालोद के साथ ही रहे।

बागपत सीट पर कांग्रेस की दावेदारी से सपा में हलचल

इधर, बागपत विधानसभा सीट को लेकर सपा के भीतर भी टिकट की दावेदारी तेज है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए जिन 181 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है, उनमें बागपत का नाम भी शामिल है। इससे इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे सपा नेताओं की चिंता बढ़ सकती है।

बागपत सीट पर सपा के रवि बैंसला, बिल्लू प्रधान, संजीव त्यागी और राहुल अवाना दावेदारी पेश कर रहे हैं। ये नेता काफी समय से चुनाव की तैयारी में सक्रिय हैं। वहीं, बड़ौत सीट पर शौकेंद्र तोमर और छपरौली सीट पर सपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी दावेदार बताए जा रहे हैं।

हालांकि, वर्ष 2022 के चुनाव में बागपत विधानसभा सीट पर कांग्रेस को केवल 1,229 वोट मिले थे। उस चुनाव में सपा ने गठबंधन के तहत बागपत लोकसभा क्षेत्र की तीनों सीटें रालोद को दी थीं। अब कांग्रेस की नई दावेदारी और रालोद-भाजपा के बीच संभावित सीट बंटवारे के बाद पश्चिमी यूपी की इन सीटों पर सियासी समीकरण किस दिशा में जाते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।

 

Location :  Baghpat

Published :  19 November 2026, 3:27 PM IST