
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग में हुए बहुचर्चित भर्ती घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने वर्ष 2014 की भर्ती प्रक्रिया के दौरान मुख्य भूमिका में रहे तत्कालीन प्रमुख सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार को लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ्तार कर लिया है। यह इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है।
यह पूरा मामला वर्ष 2014 का है, जब प्रदेश के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के कुल 1198 पदों पर नियुक्तियां की जानी थीं। इस प्रक्रिया के तहत दो फरवरी 2014 को लिखित परीक्षा आयोजित कराई गई थी। हालांकि, परीक्षा संपन्न होने के बाद से ही पूरी चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठने लगे थे और बड़े पैमाने पर अनियमित्ताओं के आरोप सामने आए थे।
यूपी के अधिकारियों का बदलेगा अंदाज, अब AI और मैक्रो इकॉनमिक्स सीखेंगे PCS अफसर और पुलिसकर्मी
जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए। पता चला कि इस भर्ती में निर्धारित नियमों को ताक पर रख दिया गया था। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बनाई गई मंडलीय चयन समितियों के अधिकारों को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया था। इसके अलावा, ओएमआर शीट के मूल्यांकन की प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के बजाय केंद्रीकृत तरीके से कराया गया, जिससे गड़बड़ी की आशंकाओं को बल मिला।
घोटाले के वक्त राजकिशोर सिंह प्रदेश के पशुधन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे थे, जबकि 1980 बैच के आईएएस अधिकारी योगेश कुमार शासन में प्रमुख सचिव के पद पर तैनात थे। इस पूरी प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद योगेश कुमार सेवानिवृत्त हो चुके थे।
Budaun Crime: मामूली कहासुनी में डंडे से पीटकर 50 साल के भीमसेन की हत्या, आरोपी फरार
ईओडब्ल्यू के डीजी जेएन सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि मामले की गहन विवेचना के दौरान तत्कालीन प्रमुख सचिव योगेश कुमार की संलिप्तता और अनियमितताओं के पुख्ता सबूत मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर ईओडब्ल्यू की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
दूसरी ओर, इस प्रकरण से जुड़े राजनीतिक पहलुओं पर भी जांच जारी है। तत्कालीन पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अभियोजन स्वीकृति की फाइल वर्तमान में शासन स्तर पर लंबित है। इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद पशुपालन विभाग के इस पुराने घोटाले में एक बार फिर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
Location : Lucknow
Published : 14 October 2026, 10:54 AM IST
Topics : EOW Arrest Pashudhan Prasar Adhikari Recruitment Scam UP Animal Husbandry Department Uttar Pradesh News