Cervical Cancer के खिलाफ अमेठी में बड़ा अभियान, 7681 बेटियों के चेहरों पर दिखी मुस्कान

अमेठी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान ने जिले को राज्य स्तर पर बड़ी पहचान दिलाई है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 August 2026, 7:30 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान ने अब जिले को राज्य स्तर पर पहचान दिलाई है। जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 7,681 बालिकाओं का HPV टीकाकरण कराने और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जिलाधिकारी संजय चौहान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

हजारों बालिकाओं को लगाई एचपीवी वैक्सीन

जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा बालिकाओं और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले में अब तक 7681 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह उपलब्धि जनपद में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ये भी पढ़े - Amethi News: बसपा नेता की कार पर आधी रात हमला, लाठी-डंडे और पत्थरों से तोड़फोड़; विधायक के करीबियों पर गंभीर आरोप

विशेषज्ञों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे सामान्य कैंसरों में से एक है। जिसका प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का संक्रमण होता है। समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यही कारण है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी किशोरावस्था में एचपीवी वैक्सीनेशन को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हैं।

जिला अधिकारी ने अभिभावकों से की अपील

जिला अधिकारी अमेठी संजय चौहान ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष तक की सभी पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अवश्य कराएं।ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बालिकाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। एचपीवी टीकाकरण अभियान के माध्यम से न केवल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रयास किया जा रहा है।बल्कि समाज में महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान

जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह को अभियान के सफल क्रियान्वयन की बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल जिला प्रशासन का नहीं, बल्कि उन सभी अभिभावकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा शिक्षकों का है। जिन्होंने बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

ये भी पढ़ें - Amethi: आधी रात 3 बाइकों पर जा रहे थे 4 संदिग्ध, पुलिस ने रोका तो खुला ऐसा राज… उड़ गए सबके होश

28वें दीक्षांत समारोह पर सम्मान

यह सम्मान आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के 28वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महामहिम राज्यपाल ने जनपद अमेठी में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के बीच सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु विशेष रुचि लेकर संचालित किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान की सराहना की तथा जिलाधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

Location :  Amethi

Published :  10 August 2026, 7:26 PM IST

Advertisement