
उजड़ गया एक परिवार!
Gonda: गोंडा जिले में सोमवार रात मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि एक पूरा परिवार जिंदगी भर के लिए टूट गया। तेज आंधी और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने 70 वर्षीय महिला की जान ले ली। छप्पर पर अचानक आम का भारी पेड़ गिर पड़ा और उसके नीचे दबकर बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका मातम में डूब गया। जो रात सामान्य लग रही थी, वह एक परिवार के लिए काली रात बनकर रह गई।
यह दर्दनाक हादसा गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र के खीरीडीह गांव के मजरे गौराडीहा का है। जानकारी के मुताबिक, द्वारिका प्रसाद की 70 वर्षीय पत्नी कौता देवी अपने घर के छप्पर में सो रही थीं। सोमवार रात मौसम अचानक बदल गया और तेज आंधी चलने लगी। हवा इतनी तेज थी कि गांव में पेड़-पौधे जोर-जोर से झुकने लगे। इसी दौरान घर के पास खड़ा एक पुराना आम का पेड़ जड़ से कमजोर होकर अचानक छप्पर पर आ गिरा।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग टॉर्च और औजार लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ को काटकर हटाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पेड़ के भारी हिस्से को हटाया गया और महिला को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार के लोगों ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। मृतका का बेटा सुरेश गुप्ता रोजी-रोटी के लिए हैदराबाद में काम करता है। घर में उनकी बहू और दो छोटे पोते रहते हैं। हादसे के वक्त द्वारिका प्रसाद अपनी पत्नी के साथ छप्पर में ही सो रहे थे, लेकिन आंधी शुरू होते ही वह बहू और बच्चों का हाल जानने के लिए दूसरे हिस्से में चले गए थे।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग अब पुराने और बड़े पेड़ों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने ऐसे पेड़ों की कटाई या सुरक्षा व्यवस्था की होती तो शायद यह हादसा टल सकता था। कई लोग इसे प्रशासन की लापरवाही भी बता रहे हैं।
गोंडा में कुश्ती खेलने से डरीं विनेश फोगाट, बोलीं- बृजभूषण के शोषण की मैं भी विक्टिम, कुछ हुआ तो…
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है।
Location : Gonda
Published : 26 May 2026, 1:26 PM IST