महराजगंज में स्कूल वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, आखिर क्या है ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान?

महराजगंज में मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की जांच की। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर तीन वाहनों का चालान किया गया, जबकि पंजीयन समाप्त होने पर एक निजी वाहन का संचालन बंद कराया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 July 2026, 11:56 PM IST

Maharajganj : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब एक्शन मोड में आ गया है। मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत गुरुवार को जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले तीन स्कूली वाहनों का चालान किया गया। एक निजी वाहन का संचालन तत्काल बंद करा दिया गया। यह वाहन पंजीयन समाप्त होने के बाद भी स्कूली बच्चों को ले जाने में इस्तेमाल किया जा रहा था।

बच्चों की सुरक्षा को दी गई पहली प्राथमिकता

जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सबसे पहले वाहनों में सवार बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की। विभागीय कर्मियों की निगरानी में बच्चों को सुरक्षित उनके विद्यालय तक पहुंचाया गया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत कार्रवाई

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि मिशन सेफ फ्यूचर अभियान की शुरुआत 1 जुलाई से की गई है। पहले चरण में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक जिले के अलग-अलग विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यालय प्रबंधन, वाहन मालिकों और चालकों को बच्चों के सुरक्षित परिवहन से जुड़े नियमों और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।

महराजगंज की बड़ी खबर: महाव तटबंध फिर हुआ ध्वस्त, बाढ़ के हालात, 50 एकड़ फसल जलमग्न; जानिये 5 साल में 50वीं बार कैसे टूटा बांध?

स्कूलों को दिए गए सख्त निर्देश

एआरटीओ ने बताया कि सभी विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों के परिवहन के लिए सिर्फ फिटनेस प्रमाणित और वैध दस्तावेज वाले वाहनों का ही उपयोग किया जाए। वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन, नियमित जांच और दस्तावेजों का समय पर नवीनीकरण अनिवार्य है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग के मुताबिक 8 जुलाई से अभियान का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। अब नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने साफ कहा है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

विद्यालयों और संचालकों से अपील

परिवहन विभाग ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधनों और वाहन संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। जिससे बच्चे सुरक्षित तरीके से स्कूल आ-जा सकें।

Location :  Maharajganj

Published :  9 July 2026, 11:56 PM IST