हिंदी
दर्दनाक सड़क हादसा
महराजगंज: फरेंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुनुवा चौराहे के पास गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने सड़क पार कर रहे रामनयन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
मृतक की पहचान रामनयन (50) पुत्र स्वर्गीय हीरा, निवासी ग्राम पोस्ट रामनगर टोला जानकी नगर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामनयन किसी आवश्यक कार्य से चौराहे के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल अवस्था में रामनयन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार फुटेज में कार और उसकी नंबर प्लेट आंशिक रूप से स्पष्ट नजर आ रही है, जिससे जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरेंदा थाना प्रभारी ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। ग्रामीणों ने रुनुवा चौराहे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक संकेतक और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
Location : Maharajganj
Published : 12 February 2026, 6:19 PM IST
Topics : CCTV dies Maharajganj Road Accident