हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Banda: बांदा-सतना हाईवे पर शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार उजड़ गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मां और मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा कालिंजर थाना क्षेत्र के बांदा-सतना हाईवे स्थित रामनगर चौराहे के पास शाम करीब पांच बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक कटरा कालिंजर निवासी 35 वर्षीय कमल कुमार अपनी पत्नी 32 वर्षीय सुनीता, पांच वर्षीय बेटे शिवांश और दो बेटियों तीन वर्षीय शिवानी व दो वर्षीय शिवांशी के साथ बाइक से अपनी ससुराल पैलानी क्षेत्र के निवाइच गांव जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी सुनीता और पांच वर्षीय शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कमल कुमार और उनकी दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को नरैनी सीएचसी भेजा गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक ही परिवार के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक महिला और मासूम बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।
Location : Banda
Published : 23 May 2026, 8:21 PM IST