गोरखपुर में सड़क निर्माण पर बवाल, क्या यही है विकास का मॉडल?

गोरखपुर के गोला बाजार में अधूरे सड़क निर्माण और डिवाइडर लगाने को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। खुले नाले, उड़ती धूल और हादसों के खतरे को लेकर लोगों ने प्रशासन से सवाल उठाए और जल्द सुधार की मांग की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 May 2026, 1:40 AM IST

Gorakhpur : गोला बाजार में चल रहा सड़क निर्माण अब सीधे सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है। जिस सड़क को विकास की रफ्तार मिलनी थी, वही अधूरा काम और लापरवाही लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। शनिवार को हालात इतने बिगड़ गए कि व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा और उन्होंने सीधे प्रशासन व निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठा दिए।

आखिर सड़क बन रही है या खतरा?

स्थानीय लोगों और व्यापारियों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सड़क निर्माण कार्य सही तरीके से हो भी रहा है या सिर्फ नाम का विकास चल रहा है। गोला बाजार में चल रही सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर खड़े कर दिए गए हैं, जबकि काम अभी अधूरा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सड़क पूरी ही नहीं हुई तो डिवाइडर लगाने की जल्दबाजी किसके आदेश पर हुई?

अधूरी सड़क पर बढ़ता खतरा

व्यापारियों ने बताया कि सड़क पर फैली गिट्टी और निर्माण सामग्री की वजह से वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है। कई बाइक सवार फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि क्या निर्माण एजेंसी सुरक्षा मानकों का पालन कर रही है या नहीं? क्या जिम्मेदार विभाग सिर्फ कागजों पर काम पूरा दिखा रहा है?

DJ ने उजाड़ दिया घर, जानें कैसे शादी के बीच उठी लाश, पढ़ें गोरखपुर का सनसनीखेज मामला

दुकानदारों ने बड़ा सवाल उठाया है कि सड़क किनारे बने नाले खुले क्यों छोड़े गए हैं? क्या इन हादसों का इंतजार किया जा रहा है? लोगों का कहना है कि कई बार छोटे बच्चे और राहगीर इन नालों में गिरते-गिरते बचे हैं। वहीं दूसरी तरफ पानी का छिड़काव न होने से बाजार में धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे सांस लेना तक मुश्किल हो गया है।

व्यापार पर सीधा असर

व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और अव्यवस्था के कारण उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानों में धूल घुस रही है, सामान खराब हो रहा है और ग्राहक भी परेशान होकर लौट रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या विकास का मतलब जनता को परेशानी देना है?

व्यापारियों का साफ सवाल प्रशासन से

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने प्रशासन से सीधे पूछा है कि आखिर सड़क निर्माण कार्य कब तक सही तरीके से पूरा होगा? क्या खुले नालों को ढंकने और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है? लोगों ने मांग की है कि काम में पारदर्शिता लाई जाए और ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 May 2026, 1:40 AM IST