तेज रफ्तार बनी मुसीबत! बदायूं में गहरी खाई में गिरी कांवड़ियों से भरी ट्रॉली, 30 श्रद्धालुओं की जान…

बदायूं में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दातागंज से कछला गंगा घाट जा रही कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बरेली-मथुरा हाईवे पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। ट्रॉली में करीब 30 कांवड़िए सवार थे।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 12:12 AM IST

Budaun : जिले में शनिवार रात कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दातागंज क्षेत्र से कछला गंगा घाट कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के वक्त ट्रॉली में करीब 30 कांवड़िए सवार थे और उस पर डीजे भी लगा हुआ था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी कांवड़िए को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।

तेज रफ्तार में खोया नियंत्रण, खाई में जा गिरी ट्रॉली

जानकारी के मुताबिक, दातागंज कोतवाली क्षेत्र के डहरपुर कस्बे से कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला गंगा घाट के लिए रवाना हुआ था। श्रद्धालु कांवड़ लेने जा रहे थे और ट्रॉली पर तेज आवाज में डीजे बज रहा था।

बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, आज रात 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री

बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे पर बालाजी मंदिर के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जाकर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने चलाया राहत अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ सिटी राहुल पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को खाई से बाहर निकालने के लिए दो क्रेन मशीनों की मदद ली गई। पुलिसकर्मियों ने सभी कांवड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी प्राथमिक जांच कराई।

सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित होने के बाद उन्हें दूसरे वाहन से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

DM और SSP ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हाईवे पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

हादसे के बाद बरेली-मथुरा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने के बाद आवागमन सामान्य हो सका।

फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Location :  Budaun

Published :  9 August 2026, 12:12 AM IST