देवरिया में धर्म परिवर्तन कराने वाले 3 गिरफ्तार, जानें कैसे देते थे लोगों को लालच

देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 28 September 2026, 8:28 PM IST
google-preferred

Deoria News: देवरिया में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बलिवन खास गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोप है कि अशिक्षित और भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर और लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

मामला श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बलिवन खास गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी थी कि कुछ लोग ग्रामीणों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद श्रीरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

तीन आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मामले में रामकुंवर पुत्र बीरा निवासी बलिवन खास थाना श्रीरामपुर, अनील गौड़ पुत्र भवन गौड़ निवासी पश्चिम चंपारण बिहार और सुरेश राम पुत्र जुन्बली निवासी गोपालगंज बिहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन तीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद तीनों को जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

मामले की जांच जारी

क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

Location :  Deoria

Published :  28 September 2026, 8:28 PM IST

Advertisement