फरेंदा में युवक की बेरहमी से पिटाई मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

फरेंदा मे युवक की बर्बता से पिटाई के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया हैं। पढिये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 13 June 2025, 7:32 PM IST
google-preferred

महराजगंज: फरेंदा क्षेत्र में एक युवक को जंगल में ले जाकर बेरहमी से पिटाई करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी विश्रामपुर जंगल के पास से की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जबकि दो अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना वृहस्पतिवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फरेंदा खुर्द निवासी सुधीर पटेल को कुछ युवकों ने बहाने से बनकटी अस्पताल के सामने स्थित जंगल में बुलाया और वहां ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस हमले में सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पीड़ित के पिता ने इस मामले में थाने में तहरीर दी, जिसमें उन्होंने निरालानगर निवासी पियुष चौरसिया, सिधवारी निवासी सुधीर यादव, लवकुश, रामू और आकाश पर उनके बेटे को जंगल में ले जाकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग घटना को लेकर आक्रोशित हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुक्रवार को तीन नामजद आरोपी रामू और आकाश और लवकुश को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो अभियुक्तों पियुष चौरसिया, सुधीर यादव की तलाश की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी गई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की मांग की है और आरोपियों को कड़ी सजा देने की अपील की है।

Location :  Maharajganj

Published :  13 June 2025, 7:27 PM IST

Advertisement