
लोको पायलट के घर चोरों ने किया हाथ साफ (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Mughalsarai: यूपी के मुगलसराय में रविवार को चोरी की बड़ी वारदात सामने आयी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने लोको पायलट के घर सेंधमारी कर लाखों का माल साफ कर दिया। चोरों ने घर से अपाचे बाइक और लाखों के जेवरात उड़ा दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रेलवे में लोको पायलट (गुड्स) के पद पर कार्यरत दुर्गेश कुमार अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वह घर बंद करके गए थे। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
जब दुर्गेश कुमार घर लौटे, तो पड़ोसियों ने उन्हें चोरी की जानकारी दी। घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान गायब था। चोरों ने नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, बच्चों के दो सेट सोने के लॉकेट और दो सेट चांदी के कड़े चुरा लिए।
पीड़ित दुर्गेश कुमार ने बताया कि चोरी में कुल लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अपाचे बाइक और जेवरात चुरा लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर चोरी का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगी है।
Location : Mughalsarai
Published : 27 April 2026, 5:12 PM IST
Topics : Alinagar Police Station Area Loco Pilot's House Theft Mughalsarai Mughalsarai News Mughalsarai police