गोरखपुर में चोरी की वारदात से दहशत, पुलिस ने कसा शिकंजा, गैस सिलेंडर बरामद

गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर बरामद हुआ है। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक रमेश यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल बृजेश सिंह और कांस्टेबल संजय यादव की अहम भूमिका रही।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 31 March 2026, 11:24 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवां इलाके में हुई एक सनसनीखेज चोरी की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी थी। बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने ताला तोड़ा और लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। लेकिन अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिससे चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।

पुलिस की सख्ती से खुला मामला

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में सहजनवां थाना पुलिस ने इस केस को गंभीरता से लिया। थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे की अगुवाई में टीम ने तेजी दिखाते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

गोरखपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ईंट- पत्थरों से हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन दूबे के रूप में हुई है, जो सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा गांव का रहने वाला है। लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची और उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया।

क्या थी पूरी वारदात

पुलिस के अनुसार 9 दिसंबर को अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर अंदर घुसपैठ की थी। चोरों ने गैस चूल्हा, सिलेंडर, बर्तन, चांदी के आभूषण, करीब 5 हजार रुपये नगद, पानी की मोटर, अनाज और कपड़े समेत कई घरेलू सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सरयू नदी में डूबा 17 वर्षीय किशोर, गोरखपुर में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर

आगे की कार्रवाई जारी

इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक रमेश यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल बृजेश सिंह और कांस्टेबल संजय यादव की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश और चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी में जुटी है। इस कार्रवाई से इलाके में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 31 March 2026, 11:24 PM IST