हिंदी
दुद्धी के पूर्व विधायक विजय सिंह गोंड के निधन से सोनभद्र शोक में डूबा है। रॉबर्ट्सगंज सपा कार्यालय में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को कटौली में अंतिम संस्कार होगा।
अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे
Sonbhadra: सोनभद्र की राजनीति में एक लंबा सन्नाटा पसर गया है। आदिवासी समाज की आवाज और समाजवादी पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे दुद्धी के पूर्व विधायक विजय सिंह गोंड के निधन से पूरा जनपद गहरे शोक में डूबा हुआ है। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर देर रात रॉबर्ट्सगंज पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया। हर आंख नम थी और हर जुबान पर एक ही बात थी कि सोनभद्र ने अपना सबसे भरोसेमंद नेता खो दिया।
सपा कार्यालय में अंतिम दर्शन
दिवंगत नेता विजय सिंह गोंड का पार्थिव शरीर देर रात रॉबर्ट्सगंज स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय लाया गया। यहां सपा जिलाध्यक्ष समेत सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नेता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। कार्यालय परिसर में देर रात तक शोक सभा का माहौल बना रहा।
अखिलेश यादव ने की सम्मानजनक व्यवस्था
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जैसे ही विजय सिंह गोंड के निधन की सूचना मिली, वे तुरंत लखनऊ पीजीआई पहुंचे। उन्होंने पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को सोनभद्र भिजवाने की व्यवस्था कराई। उनके निर्देश पर पूर्व मंत्री व्यास जी भी पार्थिव शरीर के साथ सोनभद्र पहुंचे, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भावनात्मक माहौल और गहरा हो गया।
पार्टी नेताओं ने बताया अपूरणीय क्षति
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि विजय सिंह गोंड के निधन से समाजवादी पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। वे एक महान आदिवासी नेता थे, जिनकी जमीनी पकड़ और सादगी ने उन्हें जनता का नेता बनाया। पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह और राम भरोसे सिंह पटेल ने भी उन्हें गरीबों और आदिवासियों का मसीहा बताया, जिन्होंने हमेशा उनके हक और सम्मान के लिए संघर्ष किया।
आठ बार विधायक, आदिवासियों का बड़ा चेहरा
सपा नेता प्रमोद यादव ने कहा कि विजय सिंह गोंड आठ बार विधायक रहे और नेताजी मुलायम सिंह यादव ने उन्हें पहली बार मंत्री बनाया था। उनका राजनीतिक सफर संघर्षों से भरा रहा, लेकिन वे अंत तक जनता के बीच बने रहे। उनके निधन से पूरी समाजवादी पार्टी गहरे दुख में है।
कटौली में होगा अंतिम संस्कार
श्रद्धांजलि के बाद परिजनों द्वारा पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव कटौली ले जाया गया। सपा नेता राम निहोर यादव ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 12 बजे कटौली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके बाद परसों समाजवादी पार्टी कार्यालय पर एक और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।