
सत्तो देवी का फाइल फोटो
Hapur News: हापुड़ जनपद के सरोरा गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गांव के निवासी कुलदीप की पत्नी सत्तो देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष) की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब कुलदीप कांवड़ लेने हरिद्वार गया हुआ था। सत्तो घर पर अपने बच्चों और सास के साथ थीं।
घर में सोते समय सांप ने डसा
बताया गया कि सत्तो देवी रात के समय घर में सो रही थी, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। परिजनों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। लेकिन वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें वापस घर भेज दिया।
झाड़फूंक के चक्कर में गई जान
अस्पताल से घर लौटने के बाद परिवार ने परंपरागत इलाज की ओर रुख किया। महिला को पहले नलकूप के होद में पानी के अंदर रखा गया, फिर दो घंटे बाद शामली जिले के गोगमा गांव में एक वैद्य के पास ले जाया गया। वहां झाड़फूंक के दौरान सत्तो की मौत हो गई।
कांवड़ यात्रा बीच में छोड़कर लौटा पति
घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रा कर रहे कुलदीप बीच में ही यात्रा छोड़कर घर लौट आया। पुलिस को सूचना दी गई और महिला के शव को शामली जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका सत्तो देवी के दो बेटे (कृष्णा और विराट) हैं, जो अब अपनी मां से हमेशा के लिए बिछड़ गए हैं। घर में कुलदीप की मां विमला देवी भी रहती हैं। इस हादसे के बाद गांव में गहरा शोक व्याप्त है और परिजन पूरी तरह से टूट गए हैं।
Location : Hapur
Published : 22 July 2025, 10:01 AM IST
Topics : Hapur Haridwar Kanwar Yatra 2025 Sawan 2025 Snake