
गिरोह का भंडाफोड़
Kanpur News: कानपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जिसका चोरी करने का तरीका जानकर आप दंग रह जाएंगे। यह गिरोह 'उल्टी गैंग' के नाम से मशहूर है और शहर में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
कैसे काम करता है 'उल्टी गैंग'?
पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यह गिरोह चोरी के लिए एक छोटे बच्चे का सहारा लेता था। गिरोह के सदस्य एक चोरी के ऑटो में सवारियों को बिठाते थे। जैसे ही सवारी बैठती, बच्चा अचानक उल्टी और दस्त का बहाना बनाकर रोने-चिल्लाने लगता था।जब सवारी का ध्यान बच्चे की तरफ भटकता और वे सहानुभूति दिखाते, तभी गिरोह के बाकी सदस्य हाथ साफ कर देते थे। पलक झपकते ही यात्रियों के बैग, मोबाइल, पर्स और गहने पार कर दिए जाते थे।
कानपुर से लेकर चंदौली तक फैले हैं तार
पुलिस की गिरफ्त में आए पांच आरोपियों में मास्टरमाइंड अभिषेक कानपुर का ही रहने वाला है। वहीं, बाकी चार आरोपी—माला, नंदिनी, रिंकू और प्रिंस चौधरी—चंदौली जिले के निवासी हैं। यह गिरोह पिछले कई दिनों से कानपुर के अलग-अलग इलाकों में आतंक मचाए हुए था, जिसकी लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं।
तमंचा, कारतूस और चोरी का ऑटो बरामद
पुलिस ने आरोपियों को घेरकर दबोचा और उनके पास से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है, जिसमें एक 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस के अलावा वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक चोरी का ऑटो और यात्रियों से चुराया गया सामान और नकदी शामिल है।
पुलिस की अपील
सार्वजनिक वाहनों में यात्रा करते समय यदि कोई असामान्य हरकत दिखे, तो सतर्क रहें। अपनी कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
Location : kanpur
Published : 19 April 2026, 9:40 PM IST
Topics : gang Kanpur News Latest News UP News