हिंदी
प्रयागराज तक फैली मजदूर आंदोलन की आग
Prayagraj: प्रयागराज में मजदूरों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। नोएडा से उठी आंदोलन की चिंगारी बारा पावर प्लांट तक पहुंच गई, जहां सैकड़ों मजदूरों ने काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। न्यूनतम मजदूरी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अड़े मजदूरों ने साफ कर दिया कि अब बिना ठोस आश्वासन के पीछे हटने वाले नहीं हैं।
यह पूरा मामला प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (PPGCL) के बारा पावर प्लांट का है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे विभिन्न कंपनियों में कार्यरत मजदूरों ने अचानक काम बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मजदूरों के काम ठप करने से प्लांट के संचालन पर भी असर पड़ा और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई।
धरने पर बैठे मजदूरों की मांगें स्पष्ट और सख्त थीं। उनका कहना था कि उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी श्रेणीवार दी जाए। इसके साथ ही 26 दिन कार्य और 4 दिन अवकाश, ओवरटाइम पर डबल भुगतान, हर महीने की 10 तारीख तक वेतन, भुगतान की रसीद, साल में 21 दिन अतिरिक्त छुट्टी और सभी कर्मचारियों को PF व ESIC कार्ड देने की मांग उठाई गई। मजदूरों ने यह भी कहा कि हड़ताल में शामिल होने पर किसी के खिलाफ कार्रवाई न की जाए और सभी नोटिस तीन दिन के भीतर चस्पा किए जाएं।
बारा पावर प्लांट में हड़ताल… मजदूरों ने रोका काम, 4 घंटे चली वार्ता@prayagraj_pol @noidapolice #Prayagraj pic.twitter.com/aPFT6b1COg
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 15, 2026
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्या और अमिता शुक्ला के साथ उपजिलाधिकारी बारा प्रेरणा गौतम ने मजदूरों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत कराई। करीब चार घंटे तक चली इस वार्ता में मजदूरों और कंपनी के बीच लंबी चर्चा हुई, जिसके बाद समाधान की दिशा में सहमति बनी।
नोएडा में मजदूरों की हड़ताल को हिंसक बनाने वाली 2 महिला नेताओं की हुई पहचान, लालू यादव से जुड़ा लिंक
अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी मांगें जायज हैं और एक सप्ताह के भीतर उन्हें पूरा कर दिया जाएगा। वेतन, अवकाश, पीएफ फंड और ESIC जैसी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मजदूरों ने धरना समाप्त कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।
धरने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। एडीडीसीपी यमुनानगर विजय आनंद समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस ने पूरे हालात पर नजर बनाए रखी और शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया।
Location : Prayagraj
Published : 15 April 2026, 7:39 PM IST