हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव
Noida/Lucknow: नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। श्रमिकों के मुद्दे पर अब समाजवादी पार्टी खुलकर मैदान में आ गई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मजदूरों के साथ अन्याय हुआ है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई है। इसी को लेकर 17 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचकर जमीनी हकीकत जानेगा। इसको लेकर अखिलेश यादव ने निर्देश दिए हैं।
अखिलेश यादव के निर्देश पर टीम का गठन
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पत्र जारी कर बताया कि अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) जाएगा। पार्टी का कहना है कि वहां मजदूरों को 10 से 11 हजार रुपये प्रतिमाह पर 10-12 घंटे तक काम कराया जा रहा है और उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा।
वेतन और ओवरटाइम को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद
मजदूर लंबे समय से वेतन बढ़ाने और ओवरटाइम का भुगतान करने की मांग कर रहे थे। लेकिन उन्हें लगातार आश्वासन देकर टाल दिया गया। इसी के विरोध में नोएडा फेस-2 स्थित Motherson India Limited के कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया था।
लाठीचार्ज के आरोप, मजदूरों में रोष
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि शांतिपूर्ण धरने को खत्म करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सख्ती दिखाई और लाठीचार्ज किया गया। पार्टी के अनुसार, इस कार्रवाई से मजदूरों में भारी नाराजगी है और माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल करेगा जांच, सौंपेगा रिपोर्ट
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचकर मजदूरों, उनके परिवारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा?
समाजवादी पार्टी के इस प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, गौतमबुद्ध नगर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री शाहिद मंज़ूर, विधायक एवं पूर्व कमाल अख्तर, विधायक अतुल प्रधान, विधायक पंकज कुमार मलिक, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, प्रवक्ता राजकुमार भाटी और नोएडा के पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी शामिल होंगे।
Location : Noida
Published : 15 April 2026, 7:23 PM IST