
डीएम ने की सख्त समीक्षा
Maharjganj: महराजगंज जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को ग्राम लखिमा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की समीक्षा की।
इस दौरान कई बूथों पर डिजिटाइजेशन की धीमी गति सामने आने पर डीएम ने नाराज़गी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी फॉर्म समय से जमा कराए जाएं और डिजिटाइजेशन कार्य को तुरंत तेज किया जाए।
बूथ 270 : 968 में 632 का डिजिटाइजेशन
बूथ 271 : 1080 में 617 का डिजिटाइजेशन
बूथ 272 : 1091 में 772 का डिजिटाइजेशन
बूथ 273 : 1083 में 701 का डिजिटाइजेशन
बूथ 274 : 1106 में 659 का डिजिटाइजेशन
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पा रहा, उन्हें कम से कम तीन बार नोटिस भेजा जाए। मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्होंने फॉर्म समय पर जमा करने की अपील की और कहा कि लापरवाही की स्थिति में मतदाता सूची में नाम छूट सकता है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बड़ा नुकसान होगा।
फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा में पंचायत सहायक द्वारा नाम की विसंगति और वरासत अद्यतन न होने से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। इस पर डीएम ने ऐसे मामलों की सूची तहसील को भेजकर तुरंत सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि भविष्य की योजनाएं फॉर्मर आईडी से ही जुड़ेंगी, इसलिए किसानों को जल्द रजिस्ट्रेशन करना चाहिए।
इसके अलावा डीएम ने आयुष्मान कार्ड बनवाने आई महिलाओं से संवाद कर उन्हें अन्य पात्र लोगों को प्रेरित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार पंकज शाही और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 3 December 2025, 7:11 PM IST