महराजगंज में 8 लाख की लागत से बन रहा अन्नपूर्णा भवन, डीएम जायजा लेने पहुंचे

महराजगंज के फरेंदा विकास खंड में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन का जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने निरीक्षण किया। डीएम ने कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 1 February 2026, 6:26 AM IST

ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फरेंदा विकास खंड के ग्राम पंचायत पिपरा विसम्भरपुर में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण किया। यह भवन शासन की योजना के तहत करीब आठ लाख रुपये की लागत से बन रहा है, जिसका मकसद ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंदों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान 12 मजदूर कार्य करते हुए पाए गए। ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से निर्माण कार्य लगातार चल रहा है। वर्तमान स्थिति में भवन के दो कमरों और बरामदे का निर्माण छत स्तर तक पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की और संबंधित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाए और केवल मानक के अनुरूप सामग्री का ही उपयोग हो। डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि भवन का निर्माण तय समयसीमा में पूरा होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को समय रहते इसका लाभ मिल सके।

श्रमिकों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों की उपस्थिति, काम की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण स्थल का नियमित निरीक्षण किया जाए, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता बनी रहे।

ग्रामीणों से किया संवाद

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार गौरवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान साधुशरण सहित अन्य संबंधित अधिकारी और ग्रामवासी मौजूद रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 1 February 2026, 6:26 AM IST