मैनपुरी में फौजी की पत्नी का दर्द, न्याय के लिए दर-दर भटक रही महिला

मैनपुरी में एक महिला ने अपने फौजी पति और ससुराल पर प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाए हैं। पीड़िता न्याय के लिए भटक रही है और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 April 2026, 7:15 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी की रहने वाली पीड़िता रिंकी देवी ने अपने फौजी पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार उसकी शादी 31 मार्च 2021 को विकेश कुमार निवासी भैंसामई, थाना घिरोर के साथ हुई थी, जो भारतीय सेना में तैनात है। शादी के बाद से ही उसके जीवन में परेशानियां शुरू हो गईं।

“ससुराल जाते ही मारपीट कर निकाल देते हैं”

पीड़िता का कहना है कि पति की नौकरी के कारण वह मैनपुरी शहर में किराए के मकान में रह रही है। लेकिन जब भी वह ससुराल जाती है, उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया जाता है। उसने आरोप लगाया कि जेठ, जेठानी, देवर और ससुर सभी मिलकर उसे प्रताड़ित करते हैं और घर में रहने नहीं देते।

पति पर साथ न देने और खर्च न देने का आरोप

महिला का कहना है कि उसका पति भी इस पूरे मामले में उसका साथ नहीं देता। न तो वह उसके साथ रहने को तैयार है और न ही उसका खर्च उठा रहा है। ऐसे में वह बेहद मुश्किल हालात में अपना जीवन गुजारने को मजबूर है।

जब घर में हो ऐसी बहन तो दुश्मनों की क्या जरूरत, पढ़ें मैनपुरी की दिलदहलाने वाली खबर

बिना जानकारी दर्ज कराया तलाक का केस

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने बिना जानकारी दिए उसके खिलाफ तलाक का मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे वह पूरी तरह टूट चुकी है। उसका कहना है कि पहले एक बार समझौता हुआ था, जिसके बाद पति उसे अपने साथ ले गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर उसे छोड़ दिया।

जान से मारने की कोशिश का आरोप

मामले को और गंभीर बनाते हुए महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे जान से मरवाने की कोशिश की। हालांकि इस आरोप की जांच अभी बाकी है।

मैनपुरी में पेड़ के नीचे खेल रही थी बच्ची, ऊपर मौत बनकर लटक रहा था तार

पुलिस से मदद नहीं मिलने का आरोप

पीड़िता का कहना है कि उसने डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन उसे कोई ठोस सहायता नहीं मिली। अब वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही है और अधिकारियों से गुहार लगा रही है।

एसपी से लगाई न्याय की गुहार

महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल यह मामला घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और वैवाहिक विवाद का गंभीर रूप ले चुका है, जिस पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

Location :  Mainpuri

Published :  10 April 2026, 7:15 PM IST

Advertisement