मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र में तीन मस्जिदों को लेकर विवाद गहरा गया है, जिससे माहौल संवेदनशील हो गया है। प्रशासन ने उमर और रहमानिया मस्जिद को बिना अनुमति निर्माण बताकर सील किया था, जिसमें से एक मस्जिद हाईकोर्ट के आदेश पर खुली है। वहीं मदीना मस्जिद मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया है।

तीन मस्जिदों पर एक्शन
Muzaffarnagar: भोपा थाना क्षेत्र में तीन मस्जिदों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन की कार्रवाई, मस्जिदों की सीलिंग और गिरफ्तारी के बाद मामला अब अदालत तक पहुंच चुका है। जिससे पूरे इलाके में माहौल संवेदनशील बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और लोग प्रशासनिक फैसलों पर सवाल भी उठा रहे हैं।
मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र में तीन मस्जिदों को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रशासन की कार्रवाई, सीलिंग और गिरफ्तारी के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। एक मस्जिद को राहत मिली है, जबकि बाकी मामलों पर फैसला बाकी है।#Muzaffarnagar pic.twitter.com/Z1SztOh8TZ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 1, 2026
जानकारी के अनुसार, रहमानिया कॉलोनी स्थित उमर मस्जिद और रहमानिया मस्जिद को करीब दो महीने पहले पुलिस और जिला प्रशासन ने बिना अनुमति निर्माण का हवाला देते हुए सील कर दिया था। मस्जिद से जुड़े लोगों का कहना है कि ये निर्माण करीब 10 वर्ष पुराना है और निजी जमीन पर किया गया था। उनके अनुसार जमीन का बैनामा भी कराया गया था। इसके बावजूद अचानक की गई कार्रवाई से लोगों में नाराजगी है।
पूर्व प्रधान इजहार अहमद का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व नोटिस के शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मस्जिद को सील कर दिया और इमाम को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कई बार अधिकारियों से संपर्क किया गया लेकिन सुनवाई न होने पर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उमर मस्जिद की सील खोलने के आदेश दे दिए। जिससे एक पक्ष को राहत मिली, जबकि रहमानिया मस्जिद पर अभी भी निर्णय लंबित है।
इसी बीच मदीना कॉलोनी में निर्माणाधीन मदीना मस्जिद को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस ने यहां बिना अनुमति निर्माण का आरोप लगाते हुए मस्जिद के मोहतमिम और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और अचानक की गई कार्रवाई से वे परेशान हैं।
राकेश टिकैत की गिरफ्तारी: मुजफ्फरनगर में किसान धरने पर बैठे, सरकार की दी ये चेतावनी
तीनों मस्जिदों से जुड़े मामलों के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन जहां अपनी कार्रवाई को नियमों के तहत बता रहा है। वहीं स्थानीय लोग इसे एकतरफा कदम मान रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें हाईकोर्ट के आगामी फैसले पर टिकी हैं।