आसमान में आई तकनीकी खराबी, खेत में उतारना पड़ा विमान; अलीगढ़ में इमरजेंसी लैंडिंग से हड़कंप

अलीगढ़ के धनीपुर हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले एक प्रशिक्षु विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालात बिगड़ते देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव चंगेरी के पास एक किसान के खेत में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 May 2026, 5:08 PM IST
google-preferred

Aligarh: अलीगढ़ के धनीपुर हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले एक प्रशिक्षु विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालात बिगड़ते देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव चंगेरी के पास एक किसान के खेत में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।

खेत में विमान उतरते ही मचा हड़कंप

खेत में अचानक विमान उतरते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। विमान के पहिए खेत की मिट्टी में धंस गए, जिसके बाद विमान वहीं रुक गया।

पायलट और प्रशिक्षु छात्र सुरक्षित

राहत की बात यह रही कि विमान में सवार पायलट और प्रशिक्षु छात्र दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

एक घंटे की उड़ान के बाद आई खराबी

एडीएम सिटी अतुल गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8:25 बजे पायलट ने प्रशिक्षु छात्र के साथ उड़ान भरी थी। करीब एक घंटे तक विमान सामान्य रूप से उड़ता रहा, लेकिन बाद में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलट ने सुरक्षित स्थान तलाश कर चंगेरी गांव के पास खेत में विमान उतार दिया।

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

अधिकारियों के मुताबिक पायलट की सतर्कता और सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल तकनीकी टीम विमान में आई खराबी की जांच कर रही है।

Location :  Aligarh

Published :  24 May 2026, 5:08 PM IST

Advertisement