शिक्षक MLC चुनाव कल: 17 जिलों के 54,303 मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधि, गोरखपुर से 18 पोलिंग पार्टियां रवाना

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में 17 जिलों के 54,303 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Updated : 22 October 2026, 5:38 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में 17 जिलों के 54,303 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय परिसर से 18 पोलिंग पार्टियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

मतदान व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की निगरानी तथा आवश्यकतानुसार मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए 56 वाहन रिजर्व रखे गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

पोलिंग पार्टियों को मतपत्र, मतपेटिका और मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद मतदान कर्मी निर्वाचन सामग्री का मिलान कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करेंगे। शिक्षक एमएलसी चुनाव में ईवीएम के बजाय मतपत्रों के माध्यम से मतदान कराया जाता है। ऐसे में मतदाता की पहचान, मतपत्र जारी करने, मतपत्रों का लेखा-जोखा रखने और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्वाचन तैयारियों की निगरानी के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल, एसडीएम सहजनवां नमन मेहता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में भूमिका निभाई।

शिवा शर्मा हत्याकांड: कई घंटे हुई पूछताछ, फिर भी श्रद्धा दुबे ने नहीं बोली वह बात, जो सुनना चाहते थे अफसर!

मतदान के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ रोकने, मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने का अवसर देने और किसी भी अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई करने की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान यातायात व्यवस्था पर एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव भी नजर रखे रहे, ताकि निर्वाचन कार्य में लगे वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

मतदान समाप्त होने के बाद मतपत्रों और निर्वाचन अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा की निगरानी में प्रशासन का लक्ष्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराना है। अब शुक्रवार को शिक्षक मतदाताओं के मतदान के साथ प्रत्याशियों की चुनावी किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।

Location :  गोरखपुर

Published :  22 October 2026, 5:38 PM IST