हिंदी
कानपुर में डांसर कृष्ण कुमार की मौत
कानपुर: चकेरी थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय डांसर कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव बुधवार सुबह उसके कमरे में बेड पर पड़ा मिला। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने मोहल्ले के एक युवक पर रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना चकेरी क्षेत्र के घाउखेड़ा की सुलभ वाली गली की है। मृतक कृष्ण कुमार अपने परिवार के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात वह मोबाइल चलाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह उसकी मां गीता देवी उसे जगाने पहुंचीं तो कृष्ण बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
मां ने उसके चेहरे से तकिया हटाकर आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस गले पर मिले चोट के निशान की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक के बड़े भाई ऋषभ कुमार ने आरोप लगाया कि कृष्ण का मोहल्ले के एक युवक से पुराना विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि 21 सितंबर को कृष्ण के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। इसके बाद उनके घर पर पथराव भी किया गया था, जिसमें उनकी मां को चोट लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि कृष्ण इस विवाद से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण गवाह था और उसे कई बार गवाही देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। परिवार ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, कृष्ण कुमार डांस करता था और अपने करियर को लेकर मेहनत कर रहा था। उसे 9 अक्टूबर को दिल्ली में ऑडिशन देने जाना था, जिसकी वह तैयारी कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि युवक को परिजन कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। गले पर मिले चोट के निशान की विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 23 September 2026, 1:50 PM IST
Topics : chakeri police Kanpur dancer death Kanpur Murder Case Krishna Kumar Kallu death suspicious death in Kanpur