सूर्या हत्याकांड के बाद 150 अपराधी माफीनामा लेकर पहुंचे थाने: कहा- गलती हो गई साहब, अब नहीं करेंगे अपराध, दो मदरसे भी सील

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस की सख्ती का बड़ा असर देखने को मिला। करीब 150 अपराधी खुद थाने पहुंचे और भविष्य में अपराध न करने का लिखित माफीनामा दिया। प्रशासन ने दो अवैध मदरसों को भी सील कर दिया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 3 June 2026, 8:14 AM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या के बाद प्रशासन लगातार एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। घटना के कई दिन बाद भी इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और रैपिड रिस्पांस फोर्स (आरआरएफ) के करीब 1500 जवानों को तैनात किया गया है। पूरा इलाका सुरक्षा के घेरे में है।

दो मदरसे सील, बिजली कनेक्शन भी काटे गए

गाजियाबाद जिला प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित होने के आरोप में दो मदरसों को सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इन संस्थानों के दस्तावेजों और संचालन संबंधी पहलुओं की जांच के बाद कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान बिजली लाइन भी काट दी गई।

Ghaziabad Murder Case: “बकरा हलाल होते देखा है?” बोलकर सूर्या को ले गए अपने साथ, फिर चाकुओं से हमला कर उतारा मौत के घाट

परिवार से मिले अधिकारी, नौकरी का दिया आश्वासन

गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ मृतक सूर्या चौहान के घर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से सूर्या के परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से सफाई सुपरवाइजर के पद पर नियुक्त करने का पत्र भी सौंपा गया। अधिकारियों ने कहा कि परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

1600 लोगों का सत्यापन, बदमाशों की थाने में हाजिरी

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 1600 से अधिक लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। वहीं अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की थानों में हाजिरी भी लगवाई जा रही है। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में करीब 150 लोगों को थाने बुलाया गया, जहां उनसे भविष्य में अपराध न करने का लिखित आश्वासन लिया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Ghaziabad Murder Case: संपत्ति के लिए बेटे ने पार की सारी हदें, गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर बनाया खौफनाक प्लान…

आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी

सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के मकान को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जिस भूमि पर मकान बना हुआ है, वहां अवैध कब्जे की शिकायत मिली है। इस संबंध में आरोपी के पिता नवाब को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। जवाब संतोषजनक न होने की स्थिति में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

हत्या मामले में तीन और गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के पिता नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उनसे पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की भूमिका, घटना की साजिश और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में विवेचना जारी है और पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी हुई है।

 

Location :  Ghaziabad

Published :  3 June 2026, 8:00 AM IST