
डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप (img: Dynamita News)
Deoria: देवरिया जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी शुक्रवार सुबह अचानक अस्पताल पहुंच गए। सुबह करीब 8 बजे हुए इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर का निरीक्षण किया, जहां उपस्थिति रजिस्टर खंगालने पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 29 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल समेत पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की तो 24 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। डीएम ने तत्काल सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिले और स्वास्थ्य कर्मी तय समय पर अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें।
देवरिया में शिवानंद चौरसिया की मौत पर सियासत तेज, भाकपा ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर की ये मांग
इसके बाद जिलाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचे। यहां भी उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। इन सभी के खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई कमियां भी सामने आईं। अस्पताल की बाउंड्री वॉल टूटी हुई मिली, जिसको लेकर डीएम ने खंड विकास अधिकारी को इसे जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में लो-वोल्टेज की समस्या सामने आई। बताया गया कि यहां ट्रांसफार्मर नहीं लगा है, जिसके कारण परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए जल्द ट्रांसफार्मर लगाने और समस्या का समाधान कराने को कहा। वहीं एक स्टाफ नर्स के आवास में बिना आवंटन के रहने की स्थिति भी सामने आई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवास खाली कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय से अस्पताल पहुंचने और मरीजों का इलाज सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। अगर भविष्य में ड्यूटी में लापरवाही मिली तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 19 June 2026, 12:23 PM IST