सुप्रीम कोर्ट की वकील को मिली गला काटने की धमकी, गाजियाबाद पुलिस से कहा- मुझे जान का खतरा

सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने गाजियाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि उन्हें इंस्टाग्राम पर गला काटने की धमकी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 6:33 PM IST
google-preferred

Ghaziabad News: सुप्रीम कोर्ट की वकील और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ी एक्टिविस्ट नाजिया इलाही खान ने खुद को जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। नाजिया ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शाहिल अहमद नाम के एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें गला काटने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में धमकी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर दर्ज कराई शिकायत

नाजिया इलाही खान की शिकायत के मुताबिक, शाहिल अहमद नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से उनकी तस्वीरों पर अभद्र टिप्पणियां की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके पोस्टर का इस्तेमाल कर एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। नाजिया का दावा है कि वीडियो में नाबालिग बच्चों के जरिए उन्हें अपमानित करने की कोशिश की गई और हिंसा के लिए उकसाने वाली बातें भी कही गईं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गृह सचिव और ATS अधिकारियों से भी शिकायत

नाजिया ने इस मामले की जानकारी उत्तर प्रदेश के गृह सचिव संजय प्रसाद और एटीएस अधिकारियों को भी दी है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस अब संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है। इसके साथ ही आरोपी की पहचान, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है।

पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के बाद भी हुआ था विवाद

नाजिया इलाही खान इससे पहले जून 2026 में एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान को लेकर चर्चा में आई थीं। उन्होंने मुस्लिम समाज, मुस्लिम महिलाओं के अधिकार, पैगंबर हजरत मोहम्मद और हजरत आयशा से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी थी। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ मुस्लिम संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि उनकी टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में 25 अगस्त को नाजिया के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी।

कौन हैं नाजिया इलाही खान?

नाजिया इलाही खान सुप्रीम कोर्ट की वकील हैं और महिला अधिकारों से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रही हैं। वह मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। उन्होंने कोलकाता यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी की पढ़ाई की। इसके बाद कानून के क्षेत्र में करियर बनाया। ट्रिपल तलाक जैसे मामलों को लेकर भी वह सुर्खियों में रही हैं। वकालत के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।

TMC से BJP तक का सफर

नाजिया ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत तृणमूल कांग्रेस की प्रवक्ता के तौर पर की थी। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा से जुड़ने के बाद वह पश्चिम बंगाल में पार्टी के पक्ष को विभिन्न मंचों पर रखती रही हैं। निजी जिंदगी की बात करें तो उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नाजिया के पति का निधन उस समय हो गया था, जब वह करीब 20 साल की थीं। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे यामिन खान की परवरिश की। उनका बेटा भी वकालत के पेशे से जुड़ा बताया जाता है। फिलहाल धमकी मामले में पुलिस जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  26 August 2026, 6:33 PM IST

Related News

Advertisement