रक्षाबंधन से एक दिन पहले सूनी रह गई कई भाइयों की कलाई, घर लौटते वक्त उजड़ गए परिवार; सुल्तानपुर में खौफनाक हादसा

रक्षाबंधन पर परिवार से मिलने की उम्मीद में घर लौट रहे यात्रियों के सफर में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और प्रशासन को तत्काल राहत-बचाव के लिए पहुंचना पड़ा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 August 2026, 11:28 AM IST
google-preferred

Sultanpur: सुल्तानपुर में रक्षाबंधन का पर्व मनाने अपने घर बिहार जा रहे यात्रियों की बस गुरुवार भोर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

दिल्ली-गुड़गांव से बिहार जा रही थी बस

बताया जा रहा है कि बस दिल्ली-गुड़गांव क्षेत्र से यात्रियों को लेकर बिहार जा रही थी। यात्री रक्षाबंधन का त्योहार अपने परिवार और भाई-बहनों के साथ मनाने के लिए घर लौट रहे थे।

गुरुवार तड़के बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

तीन यात्रियों की मौत से परिवारों में कोहराम

हादसे में जान गंवाने वाले तीन यात्रियों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं 11 घायलों का इलाज कराया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रक्षाबंधन के मौके पर परिवार से मिलने की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों में से तीन की रास्ते में ही मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Lucknow: 100 करोड़ की संपत्ति… और फिर भी फरार! अलीगंज अग्निकांड के आरोपी पर पुलिस का बड़ा दांव

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर मची अफरातफरी

दुर्घटना के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कार्रवाई की।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार समेत अन्य कौन से कारण जिम्मेदार थे।

सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने हादसे में तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

Location :  Sultanpur

Published :  27 August 2026, 11:28 AM IST

Advertisement